विजय मर्चेंट ट्रॉफी अंडर-16 में उत्तर प्रदेश के सामने पारी की हार के खतरे से जूझ रही विदर्भ की टीम के लिए बरसात वरदान साबित हुई। मैदान गीला होने के कारण लंच तक मैच नहीं हो सका। अंतिम दिन खेले गए 61 ओवर में विदर्भ की टीम ने पांच विकेट खोकर 74 रन जोड़े । ड्रा मैच में यूपी को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन, जबकि विदर्भ की टीम को केवल एक अंक हासिल हुआ है।
चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए मैच में गुरुवार की रात हुई बारिश से नतीजा ही बदल गया। शुक्रवार को लंच के बाद खेलने उतरे विदर्भ के बल्लेबाजों ने हौंसले का परिचय दिया और टिक कर खेला। विदर्भ ने खेल खत्म होने तक तीन विकेट खोकर केवल 74 रन जोडे़। दूसरी पारी में विदर्भ का कुल स्कोर 91 ओवर में 5 विकेट पर 135 रन रहा। शिवा सिंह को छोड़कर अंतिम दिन यूपी का कोई गेंदबाज प्रभावी साबित नहीं हुआ। शिवा ने विदर्भ के तीन विकेट झटके।
जेएंडके भी हार से बचा
विजय मर्चेंट क्रिकेट ट्रॉफी के मैच की दूसरी पारी में भी लड़खड़ाई मेजबान जेएंडके पर बारिश ने हार का खतरा टाल दिया। शुक्रवार दिनभर रुक-रुक बारिश जारी रहने से मैच शुरू नहीं किया जा सका और मुकाबला बराबरी पर घोषित करना पड़ा। औसत के आधार पर हरियाणा की झोली में तीन और मेजबान को एक अंक मिला। जेएंडके को अपने पहले मुकाबले में हिमाचल प्रदेश से एक पारी से हार का मुंह देखना पड़ा था। गत दिवस अपने दूसरे मैच में हरियाणा के खिलाफ भी मेजबान कुछ खास नहीं कर पाए थे।
हरियाणा ने चार विकेट पर 398 रनों की पहली पारी घोषित कर जेएंडके पर विशाल 252 रनों की लीड ली थी, लेकिन दोपहर के खाने के बाद बारिश के कारण मुकाबले को रोक दिया गया था। तब तक मेजबान के तीन बल्लेबाज 52 रनों पर पवेलियन लौट गए थे। शुक्रवार को अंतिम दिन जेएंडके के बल्लेबाजों को स्कोर खींचने के बजाय दिनभर पिच पर टिक कर रहने का लक्ष्य ज्यादा था। बारिश के चलते तीसरे दिन खेल को शुरू नहीं किया जा सका। तकनीकी विशेषज्ञों ने दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी पर घोषित करके औसत के आधार पर अंकों को वितरित किया। इसमें ज्यादा औसत के लिए हरियाणा को ज्यादा अंक मिले।