आईपीएल की मेगा ऑक्शन से पहले भारत के युवा क्रिकेटरों के सामने अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ने का आखिरी मौका होगा जब वे बुधवार से शुरू हो रहे विजय हजारे ट्रॉफी वनडे टूर्नामेंट में खेलेंगे। आईपीएल की बड़ी नीलामी जनवरी में होगी। हर्षल पटेल, राहुल चाहर और दीपक चाहर जैसे खिलाड़ियों को उनकी आईपीएल टीमों ने रिटेन नहीं किया है।
अब वे इस घरेलू चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करके दूसरी टीमों का ध्यान खींचना चाहेंगे। पहले दिन गत चैंपियन मुंबई का सामना सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी विजेता तमिलनाडु से होगा। मुंबई की कमान शम्स मुलानी के हाथ में होगी और ग्रुप बी का यह मैच त्रिवेंद्रम में खेला जाएगा।
मुंबई टीम में बायें हाथ के ओपनर यशस्वी जायसवाल, अरमान जाफर, सिद्धेश लाड और हरफनमौला शिवम दुबे हैं। गेंदबाजी का जिम्मा अनुभवी धवल कुलकर्णी संभालेंगे। तमिलनाडु टीम में दिनेश कार्तिक और वाशिंगटन सुंदर हैं। मुंबई ने पिछली बार उत्तर प्रदेश को हराकर खिताब जीता था।
खिलाड़ी वनडे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर फ्रेंचाइजी टीमों का ध्यान खींचना चाहेंगे। रिटेन नहीं किए गए हर्षल, राहुल और दीपक की निगाह भी नई टीमों पर होगी। यह टूर्नामेंट सात शहरों में खेला जाएगा। इनमें त्रिवेंद्रम, चंडीगढ़, राजकोट, मुंबई, गुवाहाटी, रांची, जयपुर शामिल हैं। 27 दिसंबर को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
आज के मैच
ग्रुप ए
- जम्मू-कश्मीर बनाम गुजरात
- हिमाचल प्रदेश बनाम विदर्भ
- आंध्र बनाम ओडिशा
ग्रुप बी
- मुंबई बनाम तमिलनाडु
- बड़ौदा बनाम बंगाल
- कर्नाटक बनाम पुडुचेरी
ग्रुप सी
- उत्तर प्रदेश बनाम सौराष्ट्र
- दिल्ली बनाम झारखंड
- हरियाणा बनाम हैदराबाद
ग्रुप डी
- चंडीगढ़ बनाम केरल
- उत्तराखंड बनाम छत्तीसगढ़
- मध्यप्रदेश बनाम महाराष्ट्र
ग्रुप ई
- पंजाब बनाम राजस्थान
- असम बनाम गोवा
- रेलवे बनाम सर्विस
प्लेट ग्रुप
- बिहार बनाम मिजोरम
- अरुणाचल प्रदेश बनाम त्रिपुरा
- मेघालय बनाम सिक्कम
- मणिपुर बनाम नगालैंड