अंकित राजपूत की शानदार गेंदबाजी के बाद माधव कौशिक (75*) की अर्धशतीय पारी की मदद से उत्तर प्रदेश ने विजय हजारे ट्रॉफी में सोमवार को मणिपुर को 8 विकेट से पराजित किया। अंकित राजपूत ने 23 रन देकर तीन विकेट लिए। ग्रुप ए में छह मैचों में चार जीत और दो हार के साथ उत्तर प्रदेश 16 अंक लेकर सौराष्ट्र (20) और चंडीगढ़ (20) के बाद तीसरे नंबर पर है।
उत्तर प्रदेश ने टॉस जीतकर मणिपुर को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मणिपुर की टीम 32.3 ओवर में 132 रन के स्कोर पर ढेर हो गई। कंगबाम सिंह ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। इसके अलावा एल किशन सिंघा ने 25 और नितेश सेदाई ने 23 रन बनाए। यूपी की ओर से अंकित के अलावा कार्तिक त्यागी और करण शर्मा ने दो-दो विकेट लिए। आकिब खान, सौरभ कुमार और जसमेर धनकड़ का एक-एक विकेट मिला।
विजयी लक्ष्य उत्तर प्रदेश ने 19.2 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाकर हासिल कर लिया। ओपनर माधव ने 54 गेंदों में 14 चौकों की मदद से नाबाद 75 रन बनाए। प्रियम गर्ग ने नाबाद 39 रन बनाए। फीरोइजम सिंह ने आराध्य यादव (3) और करण शर्मा (13) के विकेट लिए।
चंडीगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को 5 विकेट से हराया
अर्सलान खान (107) के शतक, अक्षित राणा (58) और गौरव पुरी (नाबाद 57) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से चंडीगढ़ ने ग्रुप ए में सोमवार को यहां विजय हजारे ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश को पांच विकेट से हराया। चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण चुना। हिमाचल प्रदेश ने एकांत सेन (116) के शतक और अमित कुमार (69) के अर्धशतक की मदद से 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 302 रन बनाए। जगजीत सिंह ने तीन, संदीप शर्मा और अर्पित पन्नू ने दो-दो विकेट चटकाए। विजयी लक्ष्य चंडीगढ़ ने 49.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 303 रन बनाकर हासिल कर लिया। मयंक डागर ने दो विकेट लिए।
बड़ौदा ने उत्तराखंड को 6 विकेट से दी शिकस्त
वरुण आरोन (4/37) और लुकमान मेरीवाला (3/19) की शानदार गेंदबाजी के दम पर बड़ौदा ने सोमवार को विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तराखंड को 6 विकेट से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण पाकर उत्तराखंड की टीम 29.1 ओवर में 109 रन के स्कोर पर ढेर हो गई। दीक्षांशु नेगी ने सर्वाधिक 50 रन बनाए। आदित्य तारे 19 रन बनाकर दूसरे बड़े स्कोरर रहे।
शीर्ष तीन बल्लेबाज अवनीश सुधा, कमल सिंह और प्रियांशु खंडूरी खाता भी नहीं खोल सके। बड़ौदा ने विष्णु सोलंकी (28*) और भाुन पनिया (27*) के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 56 रन की साझेदारी की बदौलत 21.3 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 110 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। अभय नेगी ने दो विकेट लिए। दीपक और राजन को एक-एक विकेट मिला।
ओडिशा को हराकर पंजाब क्वार्टर फाइनल में
कप्तान मंदीप सिंह की 91 रन की नाबाद पारी की मदद से पंजाब ने विजय हजारे ट्रॉफी में सोमवार को पांच विकेट से हराया। इसके साथ ही ग्रुप डी में चार मैचों में 16 अंक लेकर पंजाब शीर्ष पर है। पंजाब ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। पंजाब ने टॉस जीतकर ओडिशा को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। ओडिशा ने कार्तिक बिस्वाल की नाबाद 107 रन की पारी की मदद से 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 251 रन बनाए। बिप्लब सामंतरी ने 51 रन का योगदान दिया। पंजाब के सिद्धार्थ कौल ने तीन विकेट लिए।
विजयी लक्ष्य पंजाब ने 46.4 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 252 रन बनाकर हासिल कर लिया। मंदीप ने 98 गेंदों में 10 चौकों की मदद से नाबाद 91 रन बनाए। रमनदीप सिंह 36 रन बनाकर नाबाद रहे। ओडिशा के प्रयास सिंह ने चार विकेट लिए।
आंध्र प्रदेश ने हरियाणा को तीन विकेट से हराया
आंध्र प्रदेश ने विजय हजारे ट्रॉफी में सोमवार को हरियाणा को 3 विकेट से हराया। टॉस हारकर बल्लेबाजी का निमंत्रण पाकर हरियाणा ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 258 रन बनाए। ओपनर युवराज सिंह ने 85, विकेटकीपर कपिल हुड्डा ने नाबाद 38, निशांत सिंधु 39 रन का योगदान दिया। बंडारू अयप्पा ने तीन विकेट लिए। आंध्र प्रदेश ने 48.5 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 262 रन बना लक्ष्य हासिल कर लिया। रिकी भुई ने 98 गेंदों में 9 चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 112 रन बनाए। करण शिंदे ने 60 और अभिषेक रेड्डी ने 46 रन बनाए। हरियाणा की ओर से अंशुल कंबोज, अमन कुमार और राहुल तेवतिया ने दो-दो विकेट लिए।