आईपीएल 2022 की नीलामी से ठीक पहले विजय हजारे ट्रॉफी में नारायण जगदीशन, शाहरुख खान, आर साई किशोर और वॉशिंगटन सुंदर ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। वहीं, मनीष पांडे और देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ी फेल हो गए।
विजय हजारे ट्रॉफी 2021-22 का दूसरा क्वार्टरफाइनल मुकाबला तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच जयपुर में 21 दिसंबर (मंगलवार) को खेला गया। इस मुकाबले में तमिलनाडु ने कर्नाटक को हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। आईपीएल 2022 की नीलामी से ठीक पहले नारायण जगदीशन, शाहरुख खान, आर साई किशोर और वॉशिंगटन सुंदर ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है। वहीं, मनीष पांडे और देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ी फेल हो गए।
विज्ञापन
आइए जानते हैं इस मैच में किस खिलाड़ी ने कैसा प्रदर्शन किया:
शाहरुख खान
- फोटो : सोशल मीडिया
क्वार्टरफाइनल में कौन हुआ पास-
शाहरुख खान: पंजाब किंग्स ने शाहरुख खान को 2021 की नीलामी में 5.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। हालांकि, टीम ने इस बार उन्हें रिटेन नहीं किया। शाहरुख ने पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल और अब विजय हजारे ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल में धमाकेदार प्रदर्शन कर करारा जवाब दिया है। उन्होंने कर्नाटक के खिलाफ मैच में 39 गेंदों पर सात चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 79 रन की पारी खेली। इस बार नीलामी में शाहरुख पर सबकी नजरें रहने वाली हैं।
नारायण जगदीशन
- फोटो : सोशल मीडिया
नारायण जगदीशन: चेन्नई सुपरकिंग्स ने जगदीशन को 2018 में 20 लाख रुपए में खरीदा था। उनके नाम आईपीएल के पांच मैचों में 16.5 की औसत से सिर्फ 33 रन हैं। उन्हें फ्रैंचाइजी ने इस बार रिटेन नहीं किया है। जगदीशन लगातार बेहतर प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में कर्नाटक के खिलाफ 102 रन बनाए। 101 गेंद की पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया। जगदीशन को उम्मीद है कि इस बार कोई न कोई टीम उन्हें जरूर खरीदेगी।
वॉशिंगटन सुंदर
- फोटो : सोशल मीडिया
वॉशिंगटन सुंदर: टीम इंडिया के युवा स्टार वॉशिंगटन सुंदर इंग्लैंड दौरे पर चोटिल हो गए थे। उसके बाद उन्होंने घरेलू स्तर पर वापसी की है। सुंदर को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर (आरसीबी) ने रिटेन नहीं किया। उन्हें आरसीबी ने 2018 में 3.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। सुंदर ने कर्नाटक के खिलाफ मैच में रन तो शून्य बनाए, लेकिन गेंदबाजी में कमाल किया। उन्होंने नौ ओवर में 43 रन देकर तीन विकेट झटके। इस बार नीलामी में सुंदर पर एक बार फिर से करोड़ों की बोली लग सकती है। वे विजय हजारे के छह मैचों में 15 विकेट ले चुके हैं। सबसे ज्यादा विकेट के मामले में फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं।
मनीष पांडे
- फोटो : सोशल मीडिया
क्वार्टरफाइनल में कौन हुआ फेल-
मनीष पांडे: आरसीबी, कोलकाता नाइटराइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से आईपीएल खेल चुके मनीष पांडे न दिनों बुरे दौर से गुजर रहे हैं। आईपीएल में लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें हैदराबाद ने रिटेन नहीं किया। विजय हजारे में उनके पास मौका था कि बेहतरीन खेल दिखाकर सबका ध्यान अपनी आकर्षित करें, लेकिन वे इसमें भी फेल रहे हैं। पांडे ने क्वार्टरफाइनल में तमिलनाडु के खिलाफ सिर्फ 9 रन बनाए। वे पांच मैचों में तीन बार फेल हुए हैं। हालांकि, दो अर्धशतक जरूर लगाए हैं।
देवदत्त पडिक्कल: आईपीएल के पिछले दो सीजन में आरसीबी के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले पडिक्कल विजय हजारे ट्रॉफी के लगातार दूसरे मैच में फेल हो गए हैं। उन्होंने राजस्थान के खिलाफ चार रन बनाए थे। अब तमिलनाडु के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मैच में खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि, इस असर नीलामी में पड़ने के आसार कम ही हैं। पडिक्कल ने पिछले दो साल में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर खुद को साबित किया है।