पंजाब की पारी
पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की। हरनूर सिंह और कप्तान प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की, लेकिन हरनूर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और अनमोलप्रीत सिंह ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 109 रन जोड़े। प्रभसिमरन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए लेग साइड पर कई आकर्षक बड़े शॉट लगाए, लेकिन जरूरत से ज्यादा आक्रमण करने के चक्कर में चिराग जानी की गेंद पर डीप में कैच आउट हो गए। अनमोलप्रीत सिंह ने इसके बाद जिम्मेदारी संभाली और 103 गेंदों में शानदार शतक पूरा किया। 36वें ओवर में पंजाब ने नमन धीर और नेहाल वढेरा के विकेट लगातार दो गेंदों पर गंवाए, लेकिन टीम 47वें ओवर में 275 रन तक पहुंच गई थी। यहीं से पंजाब की पारी बिखर गई। चेतन साकरिया ने अनमोलप्रीत को आउट कर मैच का रुख बदल दिया और इसके बाद पंजाब ने महज 16 रनों के भीतर अपने आखिरी पांच विकेट गंवा दिए। अंततः पंजाब की पूरी टीम 291 रनों पर सिमट गई, जो इस पिच पर एक औसत स्कोर साबित हुआ।