शिवम मावी (4/26) की उम्दा गेंदबाजी और रिंकू सिंह (65) और अल्मास शौकत (51) की अर्द्धशतकीय पारियों के बावजूद उत्तर प्रदेश को विजय हजारे ट्रॉफी वनडे टूर्नामेंट के अपने पहले ही मुकाबले में सौराष्ट्र के हाथों 32 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा। न्योता पाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे सौराष्ट्र को मावी और यश दयाल (3/48) ने 47.3 ओवर में 223 रन पर समेट दिया।
सौराष्ट्र की ओर से हार्विक देसाई ने 52, समर्थ व कप्तान जयदेव उनादकट ने 33-33 और धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने 31 रन का योगदान दिया। जवाब में उत्तर प्रदेश की टीम 48.1 ओवर में 191 रन पर ढेर हो गई। रिकूं और शौकत के अलावा अक्शदीप नाथ (38) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। सौराष्ट्र की ओर से चिराग जानी ने पांच विकेट चटकाए।
राजस्थान ने पंजाब को छह विकेट से धोया
ओपनर अभिजीत तोमर (104*) की नाबाद शतकीय पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन से राजस्थान ने पंजाब को छह विकेट से हराया। जीत के लिए मिले 220 रन के लक्ष्य को राजस्थान ने छह गेंद शेष रहते चार विकेट पर 223 रन बनाकर हासिल कर लिया। तोमर के अलावा मनिंदर सिंह ने 31, सलमान खान ने 36 और कप्तान दीपक हुड्डा ने 24 रन बनाए।
पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम 49.4 ओवर में 219 रन पर आउट हो गई। उसने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। गुरकीरत सिंह मान ने सर्वाधिक 67, हरप्रीत बरार ने 29 और प्रभसिमरन सिंह ने 27 रन का योगदान दिया। राजस्थान के लिए खलील अहमद ने चार विकेट लिए।
विदर्भ ने हिमाचल को सात विकेट से रौंदा
कप्तान ऋषि धवन (61) की अर्द्धशतकीय पारी के बावजूद हिमाचल प्रदेश को विदर्भ के हाथों 61 गेंद शेष रहते सात विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। निमंत्रण पाकर पहले खेलते हुए हिमाचल की टीम 46 ओवर में 213 रन पर सिमट गई। धवन के अलावा प्रशांत चोपड़ा ने 46 और आकाश ने 21 रन बनाए।
विदर्भ की ओर से यश ठाकुर ने पांच विकेट चटकाए। जवाब में विदर्भ ने अथर्व ताइडे (64) और यश राठौड़ (नाबाद 76) के अर्द्धशतकों से 39.5 ओवर में तीन विकेट पर 216 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। यश ने अक्षय वाडकर (नाबाद 44) के साथ चौथे विकेट के लिए 95 रन की अटूट साझेदारी की।
हरियाणा 162 पर ढेर
यशु शर्मा (68) के अर्द्धशतक के बावजूद हरियाणा की टीम हैदराबाद के खिलाफ 39.2 ओवर में 162 रन पर ढेर हो गई। उसकी ओर से यशु के अलावा चैतन्य बिश्नोई (18), अमित राणा (15), रोहित शर्मा (12) और हिमांशु राणा (11) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके।
हैदराबाद के लिए तिलक वर्मा ने चार और रवि तेजा ने तीन विकेट झटके। हैदराबाद ने लक्ष्य को कप्तान तन्मय अग्रवाल (77*) के नाबाद अर्द्धशतक से 41 ओवर में पांच विकेट पर 167 रन बनाकर हासिल कर लिया।
रसूल के अर्द्धशतक के बावजूद हारा जम्मू-कश्मीर
कप्तान परवेज रसूल (76) की अर्द्धशतकीय पारी के बावजूद जम्मू-कश्मीर को 79 गेंद शेष रहते गुजरात के हाथों पांच विकेट से हार झेलनी पड़ी। गुजरात ने टॉस जीतकर जम्मू-कश्मीर को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। जम्मू-कश्मीर की टीम 42.1 ओवर में 171 रन पर आउट हो गई। रसूल के अलावा आकिब नबी ने 27 और वी शर्मा ने 21 रन का योगदान दिया।
गुजरात के लिए चिंतन गाजा ने चार और हेमंग पटेल ने तीन विकेट लिए। गुजरात ने लक्ष्य को भार्गव (57*) की अर्द्धशतकीय पारी से 36.5 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। रिपल पटेल ने 33 और हैट पटेल ने 21 रन का योगदान दिया।