जब विनय कुमार से मिले किंग कोहली
आंध्र प्रदेश के एक युवा तेज गेंदबाज बी. विनय कुमार ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वे अपने 'क्रिकेट के भगवान' विराट कोहली से आमने-सामने मिल पाएंगे। लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी में आंध्र और दिल्ली के बीच बेंगलुरु में खेले गए मुकाबले के दौरान यह सपना हकीकत बन गया। विनय कुमार ने उस पल को अवास्तविक बताया, जब उन्होंने विराट कोहली को बेहद दबाव भरे रन चेज में करीब से शतक जड़ते हुए देखा। यह अनुभव उनके लिए जीवन भर याद रखने वाला बन गया। विराट कोहली 16 साल बाद घरेलू 50 ओवर क्रिकेट में लौटे थे। उन्होंने ऋषभ पंत की कप्तानी में दिल्ली की ओर से बंगलूरू स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विजय हजारे ट्रॉफी का पहला मुकाबला खेला।
उन्होंने मैदान पर ड्रिंक्स ले जाते हुए और कोहली से अपनी शर्ट पर ऑटोग्राफ लेते हुए तस्वीरें भी साझा कीं, जिसने उस दिन को और भी खास बना दिया। दिल्ली की टीम अब शुक्रवार को गुजरात से भिड़ेगी और उम्मीद है कि विराट कोहली उस मुकाबले में भी खेलते नजर आएंगे। विराट कोहली ने अपने घरेलू क्रिकेट में वापसी को शानदार शतक के साथ यादगार बना दिया। हालांकि इस मैच का सीधा प्रसारण नहीं हुआ, लेकिन कोहली की पारी के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए। उनकी कवर के ऊपर लगाई गई छक्का खास आकर्षण का केंद्र रही। इस पारी में उन्होंने 14 चौके और 3 छक्के लगाए।