महाराष्ट्र ने तीन विकेट से दर्ज की जीत
अमित कुमार (62) की शानदार अर्द्धशतकीय पारी के बावजूद हिमाचल प्रदेश को विजय हजारे ट्रॉफी ग्रुप बी मुकाबले में महाराष्ट्र के हाथों तीन विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। हिमाचल प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 201 रन बनाए। अमित ने अलावा निखिल गंगटा ने 27 और कप्तान अंकुश बैंस और अंकित कलसी ने 21-21 रन बनाए।
महाराष्ट्र की ओर से समद फल्लाह, निकित धूमल और अजीम ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में महाराष्ट्र ने आठ गेंद शेष रहते सात विकेट पर 205 रन बनाकर जीत दर्ज की। महाराष्ट्र ने एक समय 28 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे ऐसे में अजीम काजी (84) ने नौशाद शेख (36) के साथ पांचवें विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। निखिल नायक ने नाबाद 32 और एस काजी ने नाबाद 21 रन की पारी खेली। हिमाचल के लिए अर्पित गुलेरिया और आयुष जम्वाल ने दो-दो विकेट लिए।
उत्तराखंड ने सिक्कम को 253 रन से रौंदा
तेज गेंदबाज सन्नी राणा (5/26) के करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बदौलत उत्तराखंड ने प्लेट ग्रुप में सिक्किम को 52 रन पर समेट कर 253 रन की बड़ी जीत दर्ज की। सिक्कि की टीम 306 रन का लक्ष्य का पीछा करते हुए 21.1 ओवर में ही पवेलियन लौट गई। उसके दो खिलाड़ी आशीष थापा (16) और पी तमांग (15) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। राणा को मयंक मिश्रा (2/2) और प्रदीप चमोली (2/15) का भी अच्छा साथ मिला।
इस जीत से उत्तराखंड के 26 अंक हो गए हैं और टीम अपने ग्रुप में पुड्डुचेरी से दो अंक की बढ़त के साथ में शीर्ष पर पहुंच गई है। इससे पहले उत्तराखंड ने कप्तान उन्मुक्त चंद (54), करण कौशल (54), अवनीश सुधा (69) और तन्मय श्रीवास्तव (53) की मदद से नौ विकेट पर 305 रन बनाए।
इसी ग्रुप के अन्य मैचों में असम ने अरुणाचल प्रदेश को दस विकेट और मणिपुर ने मिजोरम को नौ रन से पराजित किया। वहीं, बड़ौदा ने ओडिसा को 9 विकेट से हराया।