एलीट ग्रुप बी
दिल्ली बनाम केरल
गौतम गंभीर (151) की कप्तानी पारी के दम पर दिल्ली ने शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी में केरल पर 165 रन की बड़ी जीत दर्ज की। केरल से न्योता पाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने तीन विकेट पर 392 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। गौतम ने उन्मुक्त चंद (69) के साथ पहले विकेट के लिए 25.2 ओवर में 175 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इस जोड़ी को जगदीश ने चंद को कार्तिक के हाथों कैच करवाकर तोड़ा। इसके बाद गौतम ने ध्रुव शौरी (99 नाबाद) के साथ दूसरे विकेट के लिए 123 रन की साझेदारी की।
चोट के चलते रिटायर्ड आउट होने से पहले गंभीर ने अपनी पारी में 104 गेंदों का सामना कर 18 चौके और चार छक्के जड़े। शौरी ने प्रियंशु विजयरन (48) के साथ अटूट 92 रन की साझेदारी की। शौरी ने अपनी पारी में 69 गेंदों का सामना कर सात छक्के और चार चौके जड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केरल की टीम पवन नेगी (3/43), नितिश राणा (2/25), नवदीप सैनी (2/14) की उम्दा गेंदबाजी के चलते आठ विकेट पर 227 रन ही बना सकी। जगदीश ने सर्वाधिक 59, सचिन बेबी और संजू सैमसन ने 47-47 रन की पारी खेली।
हैदराबाद बनाम उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश का विजय हजारे ट्रॉफी में हार का सिलसिला जारी है। सुरेश रैना की अगुआई में पहली जीत की तलाश में उतरे यूपी को शुक्रवार को हैदराबाद के हाथों नौ विकेट से करारी शिकस्त मिली। उसकी यह पांच मैचों में तीसरी हार है। दो मैच रद रहे हैं। पहले बल्लेबाजी करने उतरे यूपी की ओर से रैना (53) और उपेंद्र यादव (22) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया और पूरी टीम 39.1 ओवर में 130 रन पर ढेर हो गई। हैदराबाद के लिए मेहदी हसन ने पांच विकेट चटकाए। हैदराबाद ने लक्ष्य को कप्तान अक्षत रेड्डी (64) और तन्मय अग्रवाल (नाबाद 62) की मदद से 35.2 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
मध्य प्रदेश बनाम ओडिशा
दिल्ली में ही मध्य प्रदेश ने रोमांचक मैच में ओडिशा को एक रन से हराया। मध्य प्रदेश ने यश दुबे के 75 और अंशुल त्रिपाठी के 52 रनों की मदद से 277 रन बनाये, जिसके जवाब में अनुराग सारंगी के 78 और अभिषेक राउत के 55* रनों की बढ़िया पारी के बावजूद ओडिशा की टीम 276/8 का स्कोर ही बना सकी।
एलीट ग्रुप सी
सेना बनाम गुजरात
चेन्नई में सेना ने गुजरात को 9 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर किया। गुजरात ने रुजुल भट्ट के 56* रनों की बदौलत 7 विकेट के नुकसान पर 219 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में रवि चौहान के 106* और जी राहुल सिंह के 55* रनों की बदौलत सेना ने सिर्फ एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
त्रिपुरा बनाम राजस्थान
चेन्नई में ही त्रिपुरा ने राजस्थान को 48 रनों से हराया। त्रिपुरा ने ब्रवीश शेट्टी के 107 और बिशाल घोष के 76 रनों की मदद से 7 विकेट के नुकसान पर 242 रन का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में राजस्थान की टीम 194 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
बंगाल बनाम असम
चेन्नई में बंगाल ने असम को 5 विकेट से हराया। असम की टीम सिर्फ 150 रन बनाकर ऑल आउट हो गई, जिसके जवाब में बंगाल ने विवेक सिंह के 51 रनों की मदद से 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
प्लेट ग्रुप
बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश
नडियाद में बिहार ने अरुणाचल प्रदेश को 5 विकेट से हराकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। अरुणाचल प्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 145 रन बनाये और केशव कुमार ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। बिहार ने जवाब में बाबुल कुमार के 57 रनों की बदौलत 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
पुदुचेरी बनाम नागालैंड
वडोदरा में पुदुचेरी ने नागालैंड को 2 विकेट से हराया। नागालैंड ने कप्तान रोंगसेन जोनाथन के 89 रनों की बदौलत 202 रन बनाया, जिसके जवाब में पुदुचेरी ने पारस डोगरा के नाबाद 98 रनों की मदद से 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
मणिपुर बनाम मिजोरम
आनंद में मणिपुर ने मिजोरम को 210 रनों के बड़े अंतर से हराया। मणिपुर ने यशपाल सिंह के 102 रनों की बदौलत 279/4 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में आर रेक्स सिंह (5/17) की घातक गेंदबाजी के कारण मिजोरम की टीम सिर्फ 69 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।