टीम इंडिया और एसेक्स के बीच चेम्सफोर्ड में खेला गया तीन दिवसीय अभ्यास मैच भले ही ड्रॉ पर छुटा हो, लेकिन भारतीय दल के लिहाज से यह बेहद अहम रहा। 1 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया ने अपने खिलाड़ियों को परखा तो सभी को अपनी कमजोरी और ताकतों का भी पता चल गया।
पिच और इंग्लिश समर के लिए खुद को मैदान पर तैयार रखने की तैयारी हो गई, इस बीच अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर कुछ ऐसा हुआ, जिसे देख हर क्रिकेट प्रेमी जोश और मस्ती से भर उठा। गुरुवार यानी मैच के तीसरे और आखिरी दिन मैदान पर टीम इंडिया का देसी अंदाज में जोरदार स्वागत हुआ।
खिलाड़ी पवेलियन से मैदान के अंदर जा रहे थे और पूरा स्टेडियम पंजाबी ढोल से गुंज उठा। सात समंदर पार ढोल की थाप सुनते ही कप्तान विराट कोहली और शिखर धवन का पंजाब प्रेम जाग उठा। अपने देश की खुशबू पाते ही दोनों खिलाड़ी मैदान पर ही भंगड़ा करने लगे।
सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। एसेक्स क्रिकेट क्लब के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से भी वीडियो पोस्ट किया गया।
अभ्यास मैच की बात करें तो यह मुकाबला ड्रॉ रहा। जिसमें मेहमान टीम के लिये शिखर धवन और चेतेश्वर पुजारा बल्लेबाजी में नाकाम रहे। इससे भारतीय टीम को पहले टेस्ट से पहले काफी सोच विचार करना होगा।