वीडियो की शुरुआत में सभी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में इकट्ठे दिखाई पड़ रहे हैं। इस दौरान फील्डिंग कोच टी दिलीप सभी को संदेश देते हुए दिखते हैं। वह बताते हैं कि हम गन फील्डिंग की बात करते हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में हमारे खिलाड़ियों ने मैदान पर फूर्ति दिखाई। उन्होंने बेहतरीन कैच के साथ-साथ कई रन भी बचाए। दिलीप तीन खिलाड़ियों को बेस्ट फील्डर के लिए नॉमिनेट करते हैं। इनमें अक्षर पटेल, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर शामिल हैं। इसके बाद फील्डिंग कोच कहते हैं कि इस बार अवॉर्ड थ्रो डाउन स्पेशलिस्ट उदेनक नुवान सेनेविरत्ने देंगे।
जैसे ही खिलाड़ी मेडल का इंतजार करने लगते हैं, कि अचानक माहौल बदलता है और सभी खिलाड़ी और स्टाफ मेडल ढूंढ़ने लगते हैं। विराट कोहली कहते हैं मेडल ही गायब हो गया। मेडल ही नहीं है। फिर अक्षर पूछते हैं- कहां है। कैमरामैन शमी-रोहित समेत हर खिलाड़ी के पास जाकर ढूंढ़ता है। फिर मेडल अक्षर के पास से मिलता है। अक्षर इसे उदेनका को पकड़ाते हैं और फिर उदेनका कोहली को मेडल पहनाकर उन्हें बेस्ट फील्डर घोषित करते हैं। इस दौरान भारतीय खिलाड़ी जमकर मौजमस्ती भी करते दिखते हैं।