पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कमरान अकमल ने कहा है कि अगर उमरान मलिक पाकिस्तान में होते तो अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके होते। भारत की टीम में उन्हें अब तक मौका नहीं मिला है, लेकिन इस बार उन्हें आईपीएल का पूरा सीजन खेलने का मौका मिला है, जो उनके लिए फायदेमंद है। लगातार 150 से ज्यादा की गति से गेंदबाजी करने वाले उमरान मलिक की तारीफ में अकमल ने कहा कि भले ही उनकी इकोनॉमी ज्यादा हो, लेकिन वो स्ट्राइक गेंदबाज हैं और लगातार विकेट चटकाते हैं।
आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले मलिक ने इस साल 11 मैच में 15 विकेट चटकाए हैं। वो अपनी टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मलिक ने पांच विकेट निकाले थे और अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया था।
भारत के पास कई बेहतरीन गेंदबाज
कमरान अकमल ने पाकिस्तान के टीवी चैनल से बातचीत में कहा "अगर वो पाकिस्तान में होते, तो निश्चित रूप से अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके होते। उनकी इकोनॉमी ज्यादा है, लेकिन वो स्ट्राइक गेंदबाज हैं और उन्हें विकेट मिल रहे हैं। हर मैच के बाद उनकी गति का चार्ट आता है। वो लगातार 155 कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं और यह कम नहीं हो रहा है। भारतीय टीम में यह अच्छी प्रतिसपर्धा है। पहले उनके पास अच्छे थेज गेंदबाज नहीं होते थे, लेकिन अपने पास नवदीप सैनी, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह जैसे तेज गेंदबाज हैं। यहां तक की उमेश यादव शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। 10 से 12 अच्छे गेंदबाज होने से भारतीय चयनकर्ताओं को टीम चुनने में परेशानी होती है।"
मलिक ने आगे कहा कि पिछले साल मलिक एक या दो मैच ही खेले थे। अगर वो पाकिस्तान में होते तो निश्चित रूप से अब तक हमारे लिए खेल चुके होते, लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने समझदारी के साथ उन्हें आईपीएल का एक पूरा सीजन खेलने का मौका दिया। ब्रैट ली और शोएब अख्तर भी काफी महंगे खिलाड़ी थे, लेकिन दोनों विकेट निकालते थे। स्ट्राइक गेंदबाजों को ऐसा ही होना चाहिए।