भुवनेश्वर कुमार (5-34) की घातक गेंदबाजी से उत्तर प्रदेश ने बड़ौदा को रणजी ट्राफी ग्रुप ‘बी’ मुकाबले में दस विकेट से रौंद दिया। ग्रीनपार्क स्टेडियम की हरियाली पिच पर भुवनेश्वर का जादू मेहमान टीम पर सिर चढ़ कर बोला जिसकी बदौलत चार दिवसीय मैच के तीसरे दिन ही मेजबान टीम ने बड़ौदा को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
उत्तर प्रदेश ने सुबह अपनी पहली पारी छह विकेट पर 301 रन से आगे खेलना शुरू किया और पूरी टीम 361 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। पहली पारी में 107 रन से पिछड़ने के बाद दबाव में उतरे बड़ौदा की परेशानी को भुवनेश्वर, इम्तियाज अहमद (2-10) और पीयूष चावला (2-26) की तिकड़ी ने और बढ़ा दिया और मेहमान टीम दूसरी पारी में मात्र 114 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह यूपी को जीत के लिए आठ रन का लक्ष्य मिला जिसे तन्मय श्रीवास्तव (4) और मुकुल डागर (0) की ओपनिंग जोड़ी ने मात्र नौ गेंदे खेलकर हासिल कर लिया। बड़ौदा के तीन बल्लेबाज ही दूसरी पारी में दहाई के अंक को पा सके।