भारत से टी20 विश्व कप के महामुकाबले में मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बड़बोलेपन में कोई कमी नहीं आई है। स्पिनर उस्मान तारिक का कहना है कि उनका लक्ष्य सिर्फ फाइनल में पहुंचना है और जीत हासिल करना है। बता दें कि, टी20 विश्व कप 2026 अपने अंतिम दौर में है। पाकिस्तान का आज नामीबिया से सामना हुआ, जिसमें सलमान आगा के नेतृत्व वाली टीम ने जीत हासिल कर सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया।
'हमारा मकसद फाइनल खेलना और जीतना'
नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ फाइनल में पहुंचना और जीत दर्ज करना है। उन्होंने कहा, कोई भी टीम आए, हमारा मकसद सिर्फ फाइनल खेलना और जीत दर्ज करना है। हमारा लक्ष्य फाइनल अपने देश के लोगों के लिए जीतना है। हम ये नहीं देख रहे कि कौन आगे आ रहा है। क्योंकि जब आपका मकसद होता है जीतना तो उसमें ये नहीं होता है कि किससे सामना हो रहा है।
सुपर-8 की आठ टीमें तय
टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप चरण अब अपने अंतिम दौर में है, लेकिन इससे पहले ही सुपर आठ की सभी आठ टीमें तय हो गई हैं। सात टीमों पहले ही क्वालिफाई कर चुकी थीं, लेकिन अब नामीबिया को हराकर पाकिस्तान भी अगले दौर में पहुंचने में सफल रहा है। 21 फरवरी से सुपर आठ दौर के मुकाबले शुरू होंगे और शीर्ष आठ टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।