आईपीएल-9 में नई टीम (राइजिंग पुणे सुपरजाइटंस) के साथ कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को रंग जमाने के लिए खासा संघर्ष करना पड़ रहा है, लेकिन बात अभी बनती नहीं दिख रही है। हालांकि उनकी टीम ने मंगलवार की रात सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज करा ली है।
एक-एक जीत को तरस रहे धोनी की टीम को बड़ा झटका तब लगा जब उसके खास बल्लेबाज इंग्लैंड के केविन पीटरसन पिछले हफ्ते चोट के कारण शेष आईपीएल से बाहर हो गए। टीम प्रबंधन को उनकी जगह उनके जैसे ही विस्फोटक और धाकड़ बल्लेबाज की तलाश थी और इस तलाश को पूरी करने के लिए प्रबंधन ने भी काफी काम किया।
लेकिन अब खबर है कि प्रबंधन इस समय पाकिस्तानी मूल के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा से बात चल रही है और उम्मीद है कि वह जल्द ही टीम से जुड़ सकते हैं।
आईपीएल में पहली बार शिरकत कर रहे राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस 6 में 2 जीत के बाद अंकतालिका में छठे नंबर पर आ गई है। पीटरसन का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका सा था। उन्होंने शुरुआती 3 मैचों में नाबाद 21, 37 और 15 रनों का पारियां खेली थी।