टी20 विश्व कप 2024 में पाकिस्तान की शुरुआत शर्मनाक हार के साथ हुई। गुरुवार को अमेरिका ने बाबर आजम की टीम को सुपर ओवर में हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। ग्रुप ए की दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के बल्लेबाज आजम खान एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इस दौरान उन्हें फैंस को घूरते देखा गया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में मेजबान टीम ने भी 20 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाए। इसके बाद मैच सुपर ओवर में पहुंचा। सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेरिका ने 18 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम छह गेंद पर 13 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की टीम को अपने पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा।
आजम खान की खराब फॉर्म जारी
टी20 विश्व कप 2024 में आजम खान की खराब फॉर्म जारी है। वह अपने पहले ही मैच में शून्य पर आउट हो गए। उन्हें अमेरिका के गेंदबाज नोस्तुश केंजीगे ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वह सिर्फ 11 रन बना सके थे। चौथे मुकाबले में वह शून्य पर आउट हुए थे।
फैंस पर आग बबूला हुए आजम
इस मैच से जुड़ा एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा जिसमें आजम खान को फैंस को गुस्से से घूरते देखा जा रहा है। दरअसल, यह वीडियो उनके गोल्डन डक के शिकार होने के बाद का है। जब वह पवेलियन की तरफ लौट रहे थे तभी कुछ दर्शकों ने उन्हें ट्रोल करते हुए कुछ कमेंट किया, जिसे सुनकर विकेटकीपर बल्लेबाज गुस्से से लाल हो गए। 25 वर्षीय खिलाड़ी पूर्व पाकिस्तानी कप्तान मोइन खान के बेटे हैं।