USA vs Ireland 1st T20I: यूएसए ने पहले टी-20 मैच में आयरलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। यह किसी टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ संयुक्त राज्य अमेरिका की पहली जीत है। इस मुकाबले में अमेरिका ने 26 रनों से जीत दर्ज की।
संयुक्त राज्य अमेरिका और आयरलैंड के बीच दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 22 दिसंबर को लॉडरहिल में खेला गया। मैच में यूएसए की टीम ने उलटफेर करते हुए इतिहास रचने में सफल रही। इस मुकाबले में अमेरिका ने आयरलैंड को 26 रनों से शिकस्त दी। यह किसी टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ यूएसए की पहली जीत है। अमेरिका को जीत दिलाने में गजानंद सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 42 गेंदों पर 65 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।
विज्ञापन
अमेरिका ने छह विकेट पर बनाए 186 रन
दोनों देशों के बीच खेले गए इस मुकाबले में संयुक्त राज्य अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 186 रनों का विशाल स्कोर बनाया। यूएस की तरफ से सुशांत मोदानी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर 50 रन बनाए। अपनी पारी के दौरान उन्होंने तीन चौके और एक छक्का भी लगाया। इसके बाद छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए गजानंद सिंह कमाल कर दिया उन्होंने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली। इस इनिंग्स के दौरान उन्होंने तीन चौके और पांच छक्के उड़ाए। अंतिम ओवरों में मार्टी केन ने प्रबल धावा बोलते हुए 15 गेंदों पर 39 रन जड़ दिए। आयरलैंड की तरफ से बैरी मैक्कार्थी और मार्क अडायर ने तीन-तीन विकेट लिए।
162 रन बना पाई आयरलैंड की टीम
जीत के लिए 187 रनों का लक्ष्य हासिल करने उतरी आयरलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 162 रन बना पाई। आयरलैंड की ओर से लॉरकन टकर सबसे सफल बल्लेबाज रहे। वह 49 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद लौटे। अपनी इस सधी हुई पारी के दौरान उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए। उनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। आयरलैंड के स्कोरकार्ड पर नजर डाली जाए तो पॉल स्टर्लिंग 31, लॉरकन टकर 57, कर्टिस कैंफर 17 और शेन गेटकाटे 19 रन बनाने में सफल रहे। अमेरिका की ओर से सौरभ नेत्रवलकर, अली खान और निसार्ग पटेल ने 2-2 विकेट लिए।