संदीप ने एक्स पर पोस्ट किया
उन्होंने एक्स पर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा- नेपाल में अमेरिकी दूतावास ने वही किया जो उन्होंने 2019 में मेरे साथ किया था। उन्होंने मुझे वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले आगामी टी20 विश्व कप के लिए वीजा देने से इनकार कर दिया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है और मैं नेपाल क्रिकेट की भलाई चाहने वाले लोगों और शुभचिंतकों से माफी मांगता हूं। इसके साथ उन्होंने नेपाल क्रिकेट संघ (CAN) को भी टैग किया है।
जिला अदालत ने आठ साल जेल की सजा सुनाई थी, हाईकोर्ट ने फैसले को पलटा
नेपाल के पाटन हाईकोर्ट ने 15 मई को लामिछाने पर लगे यौन शोषण के आरोप मामले में अपना अंतिम फैसला सुनाया था। कोर्ट ने कहा था कि संदीप निर्दोष हैं। कोर्ट ने काठमांडू जिला अदालत से मिले सजा और जुर्माने के फैसले को पलट दिया। दरअसल, इससे पहले काठमांडू जिला अदालत ने संदीप को दुष्कर्म मामले में दोषी पाया था और उन्हें आठ साल जेल की सजा सुनाई थी। साथ ही पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। बीते वर्ष 13 दिसंबर को कोर्ट ने उन्हें जबरन दुष्कर्म का दोषी ठहराया था।
जिला अदालत ने पिछले साल 13 दिसंबर को माना था कि क्रिकेटर संदीप ने पीड़ित की खराब आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। जिला अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि पीड़िता और संदीप लामिछाने काठमांडू से नगरकोट गए और वापस काठमांडू आए और होटल के एक ही कमरे में रुके। पक्ष और विपक्ष के बयान, गवाहों के बयान और घटना का विवरण, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जिला अदालत ने फैसला सुनाया कि संदीप ने पीड़िता के साथ इसी होटल के कमरे में दुष्कर्म किया। तब क्रिकेटर लामिछाने का वकील सरोजकृष्ण घिमिरे ने कहा कि जिला अदालत का फैसला संतोषजनक नहीं होने के कारण आगे के कानूनी उपायों के लिए उच्च न्यायालय जाएंगे। अब उच्च न्यायालय ने जिला अदालत के फैसले को पलटते हुए लामिछाने को निर्दोष करार दिया।