अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचा यूपी
यूपी की टीम पांच मैचों में दो जीत के साथ चार अंक लेकर अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, दिल्ली की टीम सबसे नीचे पांचवें स्थान पर खिसक गई है। लगातार दो हार के बावजूद गत चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर बनी हुई है।
मुंबई को लगातार लगे झटके
लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस को शुरुआती झटके लगे। हीली मैथ्यूज को सोफी एक्लेस्टोन ने आउट किया। मैथ्यूज 13 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद क्रांति गौड़ ने सजीवन संजना को पवेलियन भेजा जो छह गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुईं। फिर नताली सिवर ब्रंट भी 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद दीप्ति ने निकोला कैरी को अपना शिकार बनाया। उसके बाद क्लो ट्रायन ने हरमनप्रीत कौर को पवेलियन भेजा। कैरी छह और हरमनप्रीत 18 रन बनाकर आउट हुईं।
अमेलिया-अमनजोत की कोशिश गई बेकार
पांच विकेट गिरने के बाद अमेलिया केर और अमनजोत कौर ने तूफानी बल्लेबाजी की। इन दोनों बल्लेबाजों ने 45 गेंदों पर 83 रनों की साझेदारी कर मुंबई की मैच में वापसी कराई। हालांकि, इनकी कोशिश बेकार गई क्योंकि यह पूरी तरह अपने प्रयास में सफल नहीं हो सकीं। शिखा पांडे ने अमनजोत को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अमनजोत 24 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, अमेलिया 28 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर नाबाद रहीं। जी. कमालिनी भी नौ रन बनाकर नाबाद लौटीं। यूपी के लिए शिखा ने दो विकेट लिए, जबकि क्रांति गौड़, सोफी एक्लेस्टोन, दीप्ति शर्मा और ट्रियोन को एक-एक विकेट मिला।
लैनिंग-लिचफील्ड की शानदार साझेदारी
यूपी वॉरियर्स को पहले ही ओवर में शुरुआती झटका लगा। निकोला कैरी ने किरण नवगिरे को बोल्ड कर आउट किया। किरण खाता खोले बिना पवेलियन लौटीं। शुरुआती झटका लगने के बाद कप्तान मेग लैनिंग ने फीबी लिचफील्ड के साथ मिलकर यूपी वॉरियर्स की पारी को संभाला। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई। लैनिंग और लिचफील्ड ने दूसरे विकेट के लिए 119 रन जोड़े और टीम को मजबूत स्थिति पर पहुंचाया। इस दौरान लैनिंग ने अर्धशतक भी पूरा किया। अमनजोत कौर ने लिचफील्ड को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। लिचफील्ड 37 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुईं। लिचफील्ड के आउट होने के कुछ देर बाद लैनिंग भी पवेलियन लौट गईं। उन्होंने 45 गेंदों पर 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से 70 रन बनाए।
केर ने झटके तीन विकेट
इसके बाद हरलीन देओल ने क्लो ट्रियोन के साथ मिलकर टीम को संभाला। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन नताली ने ट्रियोन को आउट किया। ट्रियोन 13 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुईं। इसके अगली ही गेंद पर ब्रंट ने श्वेता सहरावत को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। यूपी वॉरियर्स के लिए हरलीन देओल ने 25 और सोफी एक्लेस्टोन ने एक रन बनाए। वहीं, मुंबई के लिए अमेलिया केर ने तीन विकेट लिए, जबकि नेट शीवर ब्रंट को दो विकेट मिले। इसके अलावा निकोला कैरी, हीली मैथ्यूज और अमनजोत कौर ने एक-एक विकेट लिया।
मुंबई ने जीता टॉस
मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। एमआई की कप्तान हरमनप्रीत ने टॉस के दौरान बताया कि उन्होंने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किया। पूनम की जगह क्रांति रेड्डी खेलीं वहीं, हेली मैथ्यूज की भी एंट्री हुई। यूपी की कप्तान मेग लैनिंग ने कहा कि उनकी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
यूपी वॉरियर्स: किरण नवगिरे, मेग लैनिंग (कप्तान), फीबी लिचफील्ड, हरलीन देयोल, श्वेता सहरावत (विकेटकीपर), क्लो ट्रियोन, दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन, आशा सोभना जॉय, शिखा पांडे, क्रांति गौड़।
मुंबई इंडियंस: हेली मैथ्यूज, गुनालन कमलिनी (विकेटकीपर), अमेलिया केर, नेट शीवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमनजोत कौर, निकोला केरी, सजीवन सजना, संस्कृति गुप्ता, क्रांति रेड्डी, त्रिवेणी वशिष्ठ।