श्रीलंका क्रिकेट टीम के लिए मुसीबते कम होने का नाम नहीं ले रही है। मेजबान टीम को गुरुवार को पल्लेकली स्टेडियम में टीम इंडिया के हाथों तीन विकेट की शिकस्त झेलना पड़ी और अब उसके कप्तान उपुल थरंगा पर दो मैच का बैन लग गया है। थरंगा पर टीम के धीमी ओवर गति का आरोप लगा है। उनके डीमेरिट पॉइंट बढ़े, जिसके बाद उन पर बैन लगा दिया गया है।
श्रीलंका के चयनकर्ता अब नए कप्तान की तलाश कर रहे हैं। उपुल थरंगा की गैरमौजूदगी में टेस्ट कप्तान दिनेश चंडीमल के नेतृत्व संभालने की उम्मीद की जा रही है। फिलहाल यह तय नहीं हो पा रहा है की दिनेश चंडीमल आगे के तीन मैचों में कप्तानी करेंगे या फिर चमारा कपूगेदरा को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
बता दें कि दूसरे वन-डे में टीम इंडिया ने श्रीलंका को तीन विकेट से हराकर पांच मैचों की वन-डे सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 236 रन बनाए। इसके बाद बारिश के कारण टीम इंडिया को 47 ओवर में 231 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। मेहमान टीम ने एक समय 131 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। मगर फिर धोनी और भुवनेश्वर कुमार ने 100* रन की साझेदारी करके टीम को तीन विकेट की जीत दिलाई। भारत और श्रीलंका के बीच पांच मैचों की सीरीज का तीसरा मैच रविवार को पल्लेकली स्टेडियम में खेला जाएगा।