उतार-चढ़ाव से भरपूर विजय हजारे ट्रॉफी सेंट्रल जोन के बेहद रोमांचक मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने रेलवे को दो रन से हरा दिया। उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 272 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में रेलवे की पूरी टीम पूरे 50 ओवर खेलकर 270 रन पर सिमट गई।
नौ रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद कप्तान सुरेश रैना (61) और मोहम्मद कैफ (42) ने तीसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। बाद में अक्षदीप नाथ ने नाबाद 59 और विकेटकीपर एकलव्य द्विवेदी ने 26 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेल टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में रेलवे की शुरुआत खराब रही और 94 रन तक उसके शीर्ष चार बल्लेबाज आउट हो गए। आखिरी ओवरों में करण शर्मा ने 23 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 37 रन की पारी खेल टीम को जीत दिलाने की भरसक कोशिश की लेकिन दूसरे छोर से मदद न मिलने के कारण उनकी यह कोशिश बेकार चली गई। दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल का मैच बारिश में धुल गया।