सधी हुई गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग की बदौलत उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ मैच के पहले दिन मेहमान बड़ौदा की पहली पारी 254 रनों पर समेट दी। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 18 रन बना लिए हैं। स्टंप्स के समय तन्मय श्रीवास्तव 10 और मुकुल डागर चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
उत्तर प्रदेश ने टॉस जीतकर बड़ौदा को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। लोकल तेज गेंदबाज अंकित राजपूत ने अपने घरेलू मैदान और दर्शकों के समर्थन का पूरा फायदा उठाते हुए 62 रन देकर चार बल्लेबाजों को पैवेलियन का रास्ता दिखाया। राजपूत को दूसरे छोर से भुवनेश्वर कुमार (दो विकेट) और लेग स्पिनर पीयूष चावला (तीन विकेट) का भी भरपूर साथ मिला।
बड़ौदा की शुरुआत खराब रही और 83 रन तक उसके चार विकेट गिर गए लेकिन कप्तान अंबाती रायडू ने 85 और केदार देवधर ने 65 रन की पारी खेल टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। केतन पांचाल ने 31 रन बनाए।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाया हरियाणा
दिल्ली के खिलाफ रणजी ट्राफी ग्रुप ‘बी’ मैच के पहले दिन हरियाणा की टीम अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा के लिए ओपनर राहुल दीवान (71) और नितिन सैनी (45) ने पहले विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी कर अच्छी शुरुआत की लेकिन परविंदर अवाना (3-39) ने दिन के आखिरी सत्र में ताबड़तोड़ दो विकेट झटकते हुए उसे मुश्किल में डाल दिया। सन्नी सिंह ने 28 रन बनाए जबकि राहुल दलाल 42 रन बनाकर टिके हुए हैं।
हिमाचल के खिलाफ त्रिपुरा का विशाल स्कोर
ओपनर शुभ्रजीत राय (111) के शतक और अब्बास अली (83) तथा कप्तान अजय रात्रा (नाबाद 55) के अर्धशतकों से त्रिपुरा ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ ग्रुप ‘सी’ मैच के पहले दिन चार विकेट पर 325 रन का मजबूत स्कोर बना लिया। हालांकि त्रिपुरा की शुरुआत खराब रही और ओपनर सम्राट सिंघा मात्र दो रन पर आउट हो गए लेकिन इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया। स्टंप्स के समय रात्रा के साथ अभिजित डे 26 रन बनाकर क्रीज पर थे। दोनों पांचवें विकेट लिए अब तक 64 रन जोड़ चुके हैं। हरियाणा की ओर से ऋषि धवन ने दो विकेट लिए।
पंजाब ने राजस्थान को सस्ते में समेटा
सिद्धार्थ कौल (चार विकेट) और संदीप शर्मा (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से पंजाब ने गत चैंपियन राजस्थान को ग्रुप ‘ए’ मैच में 222 रन पर समेट दिया। जवाब में पंजाब ने स्टंप्स तक एक विकेट खोकर 20 रन बना लिए हैं। राजस्थान की ओर से पुनीत यादव ने सर्वाधिक 57 रन बनाए जबकि दिशांत याज्ञनिक ने 34, अशोक मिनारिया ने 32 और दीपक चाहर ने 35 रन का योगदान किया।
जडेजा ने ठोका नाबाद शतक
आलराउंडर रवींद्र जडेजा (नाबाद 111) के शानदार शतक और उनकी सितांशु कोटक (नाबाद 53) के साथ पांचवें विकेट के लिए हुई 137 रन की नाबाद साझेदारी की बदौलत सौराष्ट्र ने रेलवे के खिलाफ ग्रुप ‘ए’ मैच में चार विकेट पर 227 रन बना लिए । जडेजा ने अपनी शानदार पारी में 10 चौके और दो छक्के लगाए। रेलवे की ओर से संजय बांगर और कृष्ण उपाध्याय ने दो-दो विकेट लिए।