अंडरवर्ल्ड के कायदे-कानून स्पॉट फिक्सिंग में भी चलते हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक अधिकारी ने बताया कि स्पॉट फिक्सिंग में अंडरवर्ल्ड की कोई बात नहीं मानता है तो उसकी हत्या कर दी जाती है।
दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए एक बुकी ने खुलासा किया है कि एक बुकी ने फिक्सिंग में अंडरवर्ल्ड की बात नहीं मानी थी। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुकी ने स्पॉट फिक्सिंग का पैसा नहीं दिया था। इसके बाद अंडरवर्ल्ड के इशारे पर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारी ने खुलासा करने वाले बुकी का नाम बताने से मना कर दिया। दिल्ली पुलिस ने स्पॉट फिक्सिंग मामले में जो मकोका लगाया है उसका आधार बुकी के खुलासे को भी बनाया है
स्पेशल सेल के विशेष पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि फिक्सिंग के लिए क्रिकेट खिलाड़ियों को भी धमकाया जाता था।
पुलिस तफ्तीश में ये बात भी सामने आई है कि बुकी सुनील भाटिया क्रिकेट खिलाड़ी अजीत चंदीला को दाऊद इब्राहिम के नाम पर धमकाता था।
यह भी खुलासा हुआ है कि मुंबई पुलिस की गिरफ्त में मौजूद बुकी रमेश व्यास अन्य बुकी व फिक्सर से खिलाड़ियों से संपर्क करने के लिए कहता था।
अगर कोई खिलाड़ी फिक्सिंग के लिए तैयार नहीं होता था तो उसे अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम और उसके गुर्गे छोटा शकील की ओर से धमकी दिलवाई जाती थी।
दिल्ली पुलिस फिक्सिंग मामले में अंडरवर्ल्ड की पूरी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस ने रमेश व्यास व अश्विनी कुमार उर्फ टिंकू मंडी की अंडरवर्ल्ड से हो रही बात को टेप किया है।