युवा उमरान मलिक ने 2022 के आईपीएल के दौरान अपनी गति और विकेट लेने की क्षमता से दुनिया भर के क्रिकेट दिग्गजों को प्रभावित किया। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की बात होने लगी। आयरलैंड के खिलाफ उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत भी की, लेकिन उमरान को टी20 विश्व कप खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने उन्हें विश्व कप टीम में शामिल नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई थी, लेकिन उमरान के पिता ने कहा कि यह अच्छा है कि उमरान विश्व कप नहीं खेले।
वसीम अकरम और वकार यूस जैसे दिग्गजों का कहना था कि उमरान को टी20 विश्व कप में नहीं खिलाना भारतीय चयनकर्ताओं की गलती है। हालांकि, उमरान के पिता मानते हैं कि टी20 विश्व कप न खेलना उमरान के हित में है।
उमरान अभी सीख रहे हैं
उमरान के पिता अब्दुल राशिद ने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा “देखिए जनाब… लोग कह रहे हैं न, की वर्ल्ड कप नहीं खेला, लेकिन हम कहते हैं कि अच्छा हुआ जो नहीं खेला। जो जब होना रहता है वही होता है! आपको किसी भी चीज के पीछे भागने की जरूरत नहीं है। बच्चा सीखने के चरण में है। वह अनुभवी लोगों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करता है। वह वहां जाएगा और उनसे सीखेगा। आपको जल्दी करने की जरूरत नहीं है। बड़े खिलाड़ी जो पहले से ही हैं, वे बहुत अच्छा कर रहे हैं जबकि अन्य खिलाड़ियों को मौका तभी मिलता है, जव वे प्रभावित करते हैं।”
उमरान ने पिछले हफ्ते की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में अपना पहला वनडे मैच खेला। इस मुकाबले में उन्होंने दो विकेट लिए और अपनी गति से कीवी बल्लेबाजों काफी परेशान किया, लेकिन रन रोकने में नाकाम रहे।
उमरान ने पिता ने कहा “मैंने उसकी मां से कहा कि उमर उसे (विलियम्सन को) नेट्स में गेंदबाजी करता था और अब वे एक-दूसरे का सामना कर रहे हैं। आगे उस्ताद है तो पिछे चेला। मुझे उन्हें देखकर बहुत अच्छा लगा।”