आईपीएल 2023 में अपने पहले ही मैच में उमरान मलिक ने गति का जलवा दिखाया। उन्होंने लगभग 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद की और देवदत्त पडीक्कल को पवेलियन भेज दिया। राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मैच में उमरान ने तीन ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया। उनका इकोनॉमी रेट कुछ खास नहीं था, लेकिन इस मैच में भी उनकी गति शानदार थी।
इसके बाद उमरान ने बल्ले के साथ भी अपना जलवा दिखाया। उन्होंने आठ गेंद में नाबाद 19 रन बनाए। उनकी इस पारी में दो छक्के और एक चौका शामिल था। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके, लेकिन गति से अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। उमरान को राजस्थान की पारी के आठवें ओवर में पहली बार गेंदबाजी मिली, लेकिन उन्होंने 12 रन लुटा दिए। अपने दूसरे ओवर में भी उन्होंने 12 रन खर्चे, लेकिन तीसरे ओवर की पहली गेंद में ही देवदत्त पडीक्कल को पवेलियन भेज दिया।
उमरान की इस गेंद की गति लगभग 150 किमी प्रति घंटे की थी और पडीक्कल को जब तक कुछ समझ आता, तब तक उनका ऑफ स्टंप उखड़ चुका था। उमरान की गति की सभी ने जमकर तारीफ की।
इस मैच में राजस्थान के जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन शानदार फॉर्म में थे। तीनों ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। उमरान मलिक, आदिल राशिद, फजलहक फारूकी, टी नटराजन, वाशिंगटन सुंदर या कप्तान भुवनेश्वर कुमार के पास राजस्थान के बल्लेबाजों का कोई जवाब नहीं था।
राजस्थान रॉयल्स इस सीजन 200 रन का आंकड़ा पार करने वाली पहली टीम बनी। इस मैच में जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े। बटलर 22 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जायसवाल ने 37 गेंद में 54 रन की पारी खेली। संजू सैमसन ने भी 32 गेंद में 55 रन की पारी खेली। राजस्थान ने पांच विकेट पर 203 रन बनाए। इसके जवाब में हैदराबाद ने खाता खुलने से पहले ही दो विकेट गंवा दिए।
पहले ही ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद हैदराबाद की टीम वापसी नहीं कर सकी। नियमित अंतराल पर यह टीम विकेट गंवाती रही और अंत में आट विकेट खोकर 131 रन ही बना सकी। इसके साथ ही राजस्थान ने 72 रन से मैच जीत लिया।