आईपीएल 2023 के चौथे मैच में ही जेसन होल्डर ने शानदार कैच पकड़ा और कई लोगों का मानना है कि यह सीजन का सबसे बेहतरीन कैच हो सकता है। जेसन होल्डर ने रविवार को राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले में पहली स्लिप में राहुल त्रिपाठी का शानदार कैच पकड़कर सभी को चौंका दिया। त्रिपाठी ने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर चालाकी से शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन विकेट के पीछे कैच दे बैठे। होल्डर ने अपने दाहिनी ओर बेहतरीन डाइव लगाई और शानदार ढंग से कैच पूरा किया।
होल्डर का कैच देखकर उनके साथी खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। उनका कैच देखकर कमेंटेटर भी हैरान रह गए। हर्षा भोगले ने दावा किया कि यह अब तक टूर्नामेंट का सबसे बेहतरीन कैच था। इसका वीडियो आईपीएल के ट्विटर हैंडल पर शेयर किया गया।
राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट पर 203 रन बनाकर आईपीएल की शानदार शुरुआत की। जोस बटलर (54), यशस्वी जायसवाल (54) और संजू सैमसन (55) ने आक्रामक अर्धशतकों के चलते राजस्थान ने इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। भुवनेश्वर कुमरा की अगुआई में हैदराबाद की टीम पूरी तरह से लय से बाहर दिखी।
हैदराबाद के गेंदबाज लय में नहीं थे और राजस्थान की टीम इस सीजन 200 रन का आंकड़ा पार करने वाली पहली टीम बनी।
इस मैच में जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े। बटलर 22 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जायसवाल ने 37 गेंद में 54 रन की पारी खेली। संजू सैमसन ने भी 32 गेंद में 55 रन की पारी खेली। राजस्थान ने पांच विकेट पर 203 रन बनाए। इसके जवाब में हैदराबाद ने खाता खुलने से पहले ही दो विकेट गंवा दिए।
पहले ही ओवर में दो विकेट गंवाने के बाद हैदराबाद की टीम वापसी नहीं कर सकी। नियमित अंतराल पर यह टीम विकेट गंवाती रही और अंत में आठ विकेट खोकर 131 रन ही बना सकी। इसके साथ ही राजस्थान ने 72 रन से मैच जीत लिया।