फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2022 Fastest Delivery: उमरान मलिक ने फेंकी आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद, 156.9 किलोमीटर प्रति घंटे थी रफ्तार

Fri, 06 May 2022 09:16 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

उमरान मलिक ने 156.9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी। यह आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद है। उमरान इससे पहले भी लगभग 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर चुके हैं। 
 
विज्ञापन
उमरान मलिक - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में भले ही सनराइजर्स की टीम को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन टीम के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस मैच में मलिक ने 156.9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी। यह आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद है। उमरान इससे पहले भी लगभग 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर चुके हैं। 22 साल के उमरान की यह गेंद दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नोर्त्जे की गेंद से लगभग 0.7 किलोमीटर प्रति घंटे ज्यादा तेज थी। नोर्त्जे की गेंद साल 2020 की सबसे तेज गेंद मानी गई थी, जिसकी रफ्तार 156.22 किलोमीटर प्रति घंटे थी। सिर्फ 2020 ही नहीं बल्कि आईपीएल में 2012 से लेकर 2020 के बीच यह सबसे तेज गेंद थी। 
विज्ञापन


दिल्ली की पारी का आखिरी ओवर उमरान मलिक कर रहे थे। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद में पूरा दम लगाया और 156.9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक दी। हालांकि, उनकी गति उनके काम नहीं आई और इस गेंद पर पॉवेल ने कवर के ऊपर चौका जड़ दिया। इस पूरे मैच में मलिक ने तेज गति से गेंदबाजी की, लेकिन जमकर रन लुटाए और अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। 
 
आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंदें
गेंदबाज गति (किमी.) टीम
शॉन टेट 157.71 राजस्थान रॉयल्स
उमरान मलिक 156.90 सनराइजर्स हैदराबाद
एनरिक नोर्त्जे 156.22 दिल्ली कैपिटल्स
उमरान मलिक 155.60 सनराइजर्स हैदराबाद
उमरान मलिक 154.80 सनराइजर्स हैदराबाद
विज्ञापन
विज्ञापन

पहले ओवर में लुटाए 21 रन
इस मैच में उमरान की शुरुआत ही कुछ खास नहीं थी। उनके पहले ओवर में ही दिल्ली की टीम ने 21 रन बटोरे। डेविड वॉर्नर ने जमकर उनकी पिटाई की। इसके बाद भी मलिक तेज गति से गेंद करते रहे और दिल्ली के बल्लेबाज उसी गति से गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजते रहे। इस बीच उन्होंने विकेट लेने का एक मौका भी बनाया, जब रोवमन पॉवेल का शॉट सीधे कप्तान विलियम्सन के हाथों में गया, लेकिन विलियम्सन ने यह आसान कैच टपका दिया। इसके बाद पॉवेल ने हैदराबाद के सभी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और अपनी टीम का स्कोर 200 के पार ले गए। 

उमरान ने इस मैच में चार ओवर की गेंदबाजी की और 52 रन लुटाए। उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। 13 मैच के छोटे से आईपीएल करियर में उमरान ने पहली बार एक मैच में 50 से ज्यादा रन खर्चे। 

155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करना चाहते हैं मलिक
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में मलिक ने आईपीएल में पहली बार एक मैच में पांच विकेट निकाले। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत हैदराबाद ने यह मैच जीता था। मैच जिताऊ गेंदबाजी करने के बाद मलिक ने कहा था कि वो 155 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करना चाहते हैं। इस मैच में उनकी यह इच्छा पूरी हो गई। हालांकि, उन्हें अपनी लाइन लेंथ बेहतर करनी होगी, ताकि बल्लेबाज आसानी से उनकी गति का फायदा उठाकर रन ना बना पाएं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें