ऑस्ट्रेलियाई अंपायर सैम नोगास्की सोमवार को उत्तर प्रदेश और मुंबई के बीच रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायरिंग नहीं कर पाए क्योंकि उन्हें शरीर में पानी की कमी के कारण स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इसके बाद भारतीय अंपायर वीरेंद्र शर्मा को दोनों छोर से भूमिका निभानी पड़ी।
ऑस्ट्रेलियाई अंपायर ने दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले पेट दर्द की शिकायत की और उन्हें उल्टियां हो रही थी। उन्हें एहतियात के तौर पर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केएससीए मैसूर के समन्वयक बालचंद्र ने कहा कि अंपायर को पेट दर्द और दस्त लगने के बाद सुबह सात बजे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी देखभाल कर रहे चिकित्सकों ने कहा कि यह शरीर में पानी की कमी का मामला है।