संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के ऑलराउंडर बासिल हमीद को आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग-2 में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को हमीद के खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ने का फैसला सुनाया। यह मुकाबला रविवार को आईसीसी एकेडमी ओवल-1 मैदान पर खेला गया था। आईसीसी के अनुसार, हमीद ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन किया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल से संबंधित है।
कैच छूटने पर खोया आपा, गेंदबाजी के दौरान की अभद्र टिप्पणी
यह घटना नीदरलैंड की पारी के नौवें ओवर में हुई। हमीद की गेंद पर एक कैच छूटने के बाद उन्होंने निराशा में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इसी मामले में उन्हें आचार संहिता के लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया।हमीद ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल के सदस्य फिल व्हिटिकेस की ओर से प्रस्तावित सजा को मान लिया। इस कारण मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर अकबर अली और वीरेंद्र शर्मा तथा रिजर्व अंपायर शिजू सैम ने उनके खिलाफ आरोप लगाया था।
क्या है आईसीसी के नियम?
आईसीसी के नियमों के मुताबिक, लेवल-1 के उल्लंघन पर खिलाड़ी को आधिकारिक चेतावनी से लेकर मैच फीस के 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके साथ एक या दो डिमेरिट अंक भी दिए जा सकते हैं। अगर कोई खिलाड़ी 24 महीने की अवधि में चार या उससे अधिक डिमेरिट अंक हासिल करता है, तो उन्हें निलंबन अंकों में बदल दिया जाता है। दो निलंबन अंक होने पर खिलाड़ी को एक टेस्ट, दो वनडे या दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से उस प्रारूप के अनुसार प्रतिबंध झेलना पड़ता है, जिसमें उसका अगला मैच पहले आता है। डिमेरिट अंक लगाए जाने की तारीख से 24 महीने तक खिलाड़ी के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में बने रहते हैं। इसके बाद उन्हें रिकॉर्ड से हटा दिया जाता है। हमीद के लिए यह पिछले 24 महीनों में पहला उल्लंघन है।
नीदरलैंड ने यूएई को तीन विकेट से हराया
मैच की बात करें तो यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 244 रन बनाए। जवाब में नीदरलैंड ने सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने 37 गेंद शेष रहते तीन विकेट से जीत दर्ज की। यूएई की टीम अब गुरुवार को आईसीसी एकेडमी ओवल-1 मैदान पर ओमान से भिड़ेगी। इसके बाद शनिवार को इसी मैदान पर उसका सामना एक बार फिर नीदरलैंड से होगा। दोनों मुकाबले स्थानीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होंगे।