अंडर-19 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय कप्तान यश धुल ने भविष्य की योजनाओं पर कहा, वह सिर्फ क्रिकेट खेलना चाहते हैं। उनका ध्यान सिर्फ खेल पर रहेगा। बाकी चीजें अपने आप होती रहेंगी। वह मैच दर मैच चीजों पर ध्यान देंगे। दिल्ली का युवा बल्लेबाज नहीं चाहता कि प्रसिद्धि और प्रशंसा से खेल से उसका ध्यान भंग हो। बता दें कि शनिवार को खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर पांचवीं बार विश्व कप जीता। भारत ने इससे पहले 2000, 2008, 2012 और 2018 में अंडर-19 विश्व कप खिताब जीता है।
19 साल के धुल ने सफलता का श्रेय टीम प्रयास को देते हुए कहा कि यह उनके और टीम के साथियों के लिए गौरवपूर्ण लम्हा है। उपकप्तान शेख रशीद की सराहना करते हुए कहा कि रशीद के साथ मैदान के अंदर और बाहर उनके संबंध काफी अच्छे हैं। जब हम फाइनल में एक साथ बल्लेबाजी कर रहे थे तो हम मैच को अंत तक ले जाना चाहते थे और पांच से सात ओवर पहले खत्म करना चाहते थे।
उन्होंने कहा- हम दोनों आउट हो गए लेकिन निशांत सिंधू ने काफी अच्छी पारी खेली। मैदान पर रशीद मुझे सलाह देता रहा और इससे मुझे मदद मिली। इससे मुझे आत्मविश्वास मिला कि मैं सही फैसले कर रहा हूं। धुल ने कहा कि हम सकारात्मक मानसिकता के साथ आगे बढ़े। तेज गेंदबाज एशिया कप से ही हमारे लिए शानदार काम कर रहे हैं। कप्तान ने बावा की तारीफ करते हुए कहा कि उसने आलराउंडर के रूप में अहम भूमिका निभाई है।