ओमान में खेले जा रहे लीजेंड्स क्रिकेट लीग में वर्ल्ड जाएंट्स स्क्वॉड के खिलाफ इंडिया महाराज को तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर शून्य पर आउट हुए। इसके बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने सोशल मीडिया पर जाफर को ट्रोल करने की कोशिश की। हालांकि, वॉन को इसकी कीमत चुकानी पड़ी और वसीम जाफर ने जोरदार जवाब दिया।
वॉन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और टीम इंडिया की हार पर चुटकी लेने से पीछे नहीं हटते। हालांकि इस बार उन्होंने लीजेंड्स क्रिकेट लीग को लेकर ट्वीट किया। वॉन ने इंडिया महाराज टीम की हार के बाद ट्विटर पर एक वीडियो डाला। उसमें लिखा- उम्मीद करता हूं आप ठीक हैं। आगे वह कहते हैं कि कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं और इसके बाद वह मोबाइल में जाफर का शून्य स्कोर दिखाते हैं। वॉन के इस ट्वीट पर वसीम जाफर ने भी रिएक्ट किया और शानदार जवाब दिया।
जाफर ने एक वीडिया का स्क्रीनशॉट शेयर किया। इसमें लिखा था- माइकल वॉन का नेटवेस्ट क्रिकेट में मास्टरक्लास। जाफर ने लिखा- बहुत अच्छे माइकल, लेकिन मैंने बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले यह वीडियो नहीं देखा था। सोशल मीडिया पर वॉन और जाफर एक दूसरे को ट्रोल करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते। हाल ही में भारत के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज हारने पर वॉन ने ट्वीट कर जाफर को ट्रोल किया था।
वॉन ने भारतीय टीम की हार के बाद ट्विटर पर लिखा- इवनिंग जाफर! सिर्फ चेक कर रहा हूं कि आप ठीक तो हैं? इस पर जाफर ने जबाव देते हुए लिखा- हाहा, सब ठीक है माइकल, लेकिन ये मत भूलें कि हम आपसे अभी भी टेस्ट सीरीज में 2-1 से आगे हैं। लीजेंड्स क्रिकेट लीग में तीन टीमें खेल रही हैं। इसमें इंडिया महाराज के अलावा वर्ल्ड जाएंट्स और एशिया लायंस शामिल हैं। तीनों टीमों ने अभी तक एक-एक मैच जीते हैं।