बांग्लादेश के हरफनमौला क्रिकेटर शाकिब अल हसन की फिरकी में विपक्षी टीम ऐसी उलझी कि वे उससे बाहर निकल ही नहीं पाई और उसके बल्लेबाज एक के बाद एक अपना विकेट गंवाते चले गए।
वेस्ट इंडीज में इन दिनों कैरेबियन प्रीमियर लीग खेला जा रहा है और टूर्नामेंट में 5वें मुकाबले में बारबाडोस ट्राईडेंट्स के गेंदबाज शाकिब की गेंदबाजी के आगे त्रिनिदाद एंड टोबैगो रेड स्टील को 72 गेंद शेष रहते चार विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा।
बारबाडोस के ब्रिजटाउन में खेला गया यह मैच पूरी तरह से गेंदबाजों के नाम रहा। इस मैच में महज 105 रन बने और 16 विकेट गिरे। जबकि 20-20 ओवर के मैच में सिर्फ 20.5 ओवर का ही खेल हुआ।
त्रिनिदाद एंड टोबैगो रेड स्टील का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला गलत साबित हुआ। पहला विकेट महज छह रन पर गिर गया। इसके बाद विकेटों का पतन शुरू हो गया।
शाकिब ने त्रिनिदाद एंड टोबैगो टीम की स्थिति और खराब कर दी। उन्होंने 10वें ओवर में ही तीन विकेट झटक लिए। इसके अलावा तीन और विकेट भी अपने नाम कर लिया।
इस बांग्लादेशी फिरकी गेंदबाज ने चार ओवर में एक मेडन के साथ महज छह रन देकर छह विकेट झटक लिए। शाकिब की जोरदार गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 12.5 ओवर में महज 52 रन पर आउट हो गई।
जवाब में बारबाडोस ने आठ ओवर में छह विकेट खोकर 53 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। हालांकि बल्लेबाजी में शाकिब कुछ खास नहीं कर सके और वह एक रन बनाकर आउट हो गए।