लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित होने जा रही बहुप्रतीक्षित लीग एलएलसी टेन10 के लिए क्रिकेटरों को चुनने की प्रक्रिया कल से शुरू हो रही है। अमर उजाला और एलएलसी के संयुक्त तत्वावधान में हो रही इस लीग के लिए यूपी के 11 शहरों में 15, 19 और 20 जनवरी को ट्रायल आयोजित होंगे, जिसमें 15 जनवरी को ट्रायल के पहले चरण में 5 शहरों मुरादाबाद, बरेली, झांसी, गोरखपुर और वाराणसी में क्रिकेटरों की प्रतिभा परखी जाएगी।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोशिएसन और टेनिस बॉल क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारी इस ट्रायल प्रक्रिया में चयनकर्ता की भूमिका निभाएंगे। वैसे, ट्रायल में शामिल होने की अंतिम तिथि 10 जनवरी थी, लेकिन जो भी क्रिकेटर रजिस्ट्रेशन नहीं कर पाए हैं, उन्हें मौके पर ही रजिस्ट्रेशन करा कर ट्रायल का मौका दिया जाएगा। एलएलसी टेन10 लीग सीजन-1 में 12 टीमें भाग ले रही हैं। क्रिकेट के बड़े खिलाड़ी सुरेश रैना, हरभजन सिंह, ब्रेट ली, इरफान पठान और क्रिस गेल लीग से टीमों के मेंटर के रूप में जुड़ चुके हैं।
ट्रायल शहर और उनके वेन्यू
ट्रायल के लिए सभी रजिस्टर्ड खिलाड़ियों को एलएलसी टेन10 के लिए दिए गए वेन्यू पर आना होगा। जिन खिलाड़ियों ने लीग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिये 700 रुपये जमा कर रजिस्टर किया है। उन्हें उनके फॉर्म में भरी हुई प्रिफर्ड सिटी -1 पर ट्रायल के लिए आना है। इसकी उन्हें ईमेल और व्हाट्सअप पर सूचना दे दी गई है।
शहरों के अनुसार, इन स्थानों पर होंगे ट्रायल...
वाराणसी - एम्फी थिएटर स्टेडियम, बीएचयू, लंका
गोरखपुर - सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम
झांसी - मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम
बरेली - इनवर्टिस विलेज, हाइवे एनएच 24
मुरादाबाद - श्री वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी
क्या होगी लीग में चुने जाने की प्रक्रिया
तीन चरणों में आयोजित हो रहे ट्रायल में खिलाड़ियों की प्रतिभा परखी जाएगी। यहां लीग के ट्रायल के लिए रजिस्टर्ड खिलाड़ियों को ट्रायल-1 देना होगा। ट्रायल-1 में चयनकर्ता की ओर से चयनित होने पर उन्हें ट्रायल-2 में उतरने का मौका मिलेगा। ट्रायल-2 में चयनित क्रिकेटर नीलामी प्रक्रिया में शामिल होंगे। जहां टीमों के प्रमोटर उन पर बोली लगातर अपने 16 खिलाड़ियों की टीम का गठन करेंगे।
इनाम और पुरस्कार
इस लीग में जीतने वाली टीम को 10 लाख रुपये का इनाम मिलेगा, जबकि उपविजेता टीम को 5 लाख रुपये मिलेंगे। मैन ऑफ द सीरीज को एक कार दी जाएगी, और टूर्नामेंट के शीर्ष नौ क्रिकेटरों को इलेक्ट्रिक बाइक से पुरस्कृत किया जाएगा।
लीग की संरचना और फॉर्मेट
लीग में उद्घाटन मैच से लेकर लीग मैच, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल तक रोमांचक मुकाबले होंगे। लीग के दो पूल होंगे, हर पूल में 6 टीमें होंगी। लीग का पूर्ण कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।
फिटनेस और सीधा प्रसारण
लीग में फिटनेस को लेकर भी खास ध्यान दिया जाएगा। मोहम्मद कैफ लीग के फिटनेस कोच के तौर पर क्रिकेटरों को ट्रेनिंग देंगे। लीग के सभी मैच फैनकोड और अमर उजाला के यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण होगा, जिसका करोड़ों लोग आनंद ले सकेंगे।
आपका भी सपना हो सकता है सच
अगर आप एक अच्छे क्रिकेटर हैं और अपने करियर को नई ऊंचाइयों देना चाहते हैं, तो एलएलसीटेन10 आपके लिए एक उपयुक्त मंच हो सकता है। इस लीग में भाग लेकर आप क्रिकेट के साथ-साथ अपने कौशल को दुनिया सामने रख सकते हैं। तो तैयार हो जाइए, मैदान पर उतरने के लिए 15 जनवरी से ट्रायल शुरू हो रहे हैं, और यह एक मौका हो सकता है, जिससे आप क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बना सकते हैं।