श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर क्यों भड़के सूर्यवंशी?
बता दें कि भारत ए और श्रीलंका ए के बीच मुकाबला 265-265 की बराबरी पर समाप्त हुआ था। इसके बाद खराब रोशनी के बावजूद सुपर ओवर खेला गया, जिसे लेकर पहले से ही विवाद था। सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने जीत दर्ज की। मैच खत्म होने के बाद कथित तौर पर श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलाम्बागे ने वैभव सूर्यवंशी से कहा, 'मैच खत्म हो गया, अब घर जाओ।' बताया जाता है कि इसी टिप्पणी के बाद वैभव नाराज हो गए और दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। वायरल वीडियो में दोनों खिलाड़ियों को एक-दूसरे के करीब आकर बहस करते देखा गया, जिसके बाद साथी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने बीच-बचाव किया। विवाद को और बढ़ाने वाली बात यह रही कि मैच में भारत ए पर पहले ही 10 पेनल्टी रन लगाए गए थे और खराब रोशनी में सुपर ओवर कराने के फैसले पर भी सवाल उठे। ऐसे में मुकाबले के बाद मैदान का माहौल पहले से ही काफी गर्म था, जिसने इस विवाद को और तूल दे दिया।
भारत ए टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय और अशोक शर्मा।