दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा क्योंकि इस मुकाबले में वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के 8 बल्लेबाज दहाई का स्कोर नहीं कर सके।
वेस्टइंडीज में इस समय 3 देशों के बीच वनडे की त्रिकोणीय सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के तीसरे मैच में गुयाना में क्रिकेट की दो बड़ी टीमें आमने-सामने थीं और उम्मीद थी कि यह मुकाबला बेहद कांटे का होगा। लेकिन हुआ इसके उलट।
दक्षिण अफ्रीका ने 5 बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 190 रनों का आसान सा लक्ष्य दिया, लेकिन कंगारू टीम को यह भारी पड़ गया और अफ्रीकी गेंदबाजों ने पूरी टीम को 35 ओवर से पहले ही 142 रनों पर समेट कर 47 रनों की बड़ी जीत हासिल कर ली। इस जोरदार जीत का फायदा अफ्रीकी टीम को हुआ क्योंकि उसे बोनस अंक भी मिले। इसी बोनस अंक के सहारे दक्षिण अफ्रीका अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। अब तक हुए 3 मैच 3 अलग-अलग टीमों ने जीते हैं।
गेंदबाजों ने मैच का रोमांच कुछ हद तक कम कर दिया क्योंकि दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही साथ ही बेहद धीमी भी रही। कंगारुओं की पेस बैटरी ने अफ्रीकी बल्लेबाजों पर इस कदर अंकुश लगाया कि सितारों से लबरेज यह टीम पूरे 50 ओवर खेलने के बावजूद 189 का ही स्कोर कर सकी। यह टीम अपने पिछले मैच में मेजबान विंडीज के खिलाफ 188 का स्कोर कर सकी थी।