दक्षिण अफ्रीका में खेले जा रहे त्रिकोणीय एकदिवसीय सीरीज का आज फाइनल मुकाबला है। लीग मैचों में ऑस्ट्रेलियाई टीम के हाथों लगातार दो हार झेलने वाली भारतीय टीम को खिताबी जंग में शिखर धवन से एक और धमाकेदार पारी की आस होगी।
प्रीटोरिया में होने वाले खिताबी जंग में भारतीय ए टीम का दारोमदार एक बार फिर मेजबान दक्षिण अफ्रीका ‘ए’ के खिलाफ आखिरी लीग मैच में शानदार दोहरा शतक ठोकने वाले शिखर धवन पर होगा।
हालांकि भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से सीरीज के अपने दोनों मैच बेहद मामूली अंतर से हार गई थी लेकिन चेतेश्वर पुजारा के नेतृत्व वाली टीम को खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया हल्के में लेने की भूल नहीं करेगा।
भारत के पास शिखर के अलावा पिछले मैच में शतक ठोक चुके कप्तान चेतेश्वर पुजारा, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, दिनेश कार्तिक और अंबाती रायडू के रूप में विस्फोटक बल्लेबाज हैं जबकि गेंदबाजी में जयदेव उनादकट, ईश्वर पांडे, मोहम्मद समी और परवेज रसूल हैं जिनसे पार पाना ऑस्ट्रेलिया के लिए आसान नहीं होगा।
हालांकि ग्लेन मैक्सवेल, शॉन मार्श, कप्तान एरोन फिंच और निक मैडिसन ने लीग मैचों में भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास ली है।