अंतिम ओवरों में भारतीय बल्लेबाज संयम बनाए रख पाने में नाकाम रहे जिससे जीत के द्वार पहुंच कर भी टीम को हार का मुंह देखना पड़ा है।
दक्षिण अफ्रीका में खेले जा रहे त्रिकोणीय वनडे सीरीज के एक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ए ने भारत ए को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हरा दिया।
भारत ने प्रिटोरिया में टॉस जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया ए को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया और उसने ग्लेन मैक्सवेल की धमाकेदार पारी की बदौलत 50 ओवर में आठ विकेट पर 298 रन बनाए।
मैक्सवेल ने महज 79 गेंदों में 145 रनों की धमाकेदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 18 चौकों के अलावा छह छक्के भी लगाए।
जवाब में बेहतरीन शुरुआत करते हुए भारत ओपनर रोहित शर्मा (66) के अलावा सुरेश रैना (83) और अंबाती रायडू (70) की अर्द्धशतकीय पारियों की बदौलत लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच गया।
ऐसे में भारतीय टीम जब लक्ष्य से 17 रन दूर थी और उसका स्कोर चार विकेट पर 283 रन था। लेकिन टीम ने महज चार रनों के अंदर चार विकेट जल्दी खो दिया जिससे टीम लक्ष्य के निकट नहीं पहुंच सकी।
भारतीय टीम 50 ओवर में आठ विकेट पर 291 रन ही बना सकी। तेज गेंदबाज नाथन कल्टेयर नील ने 49वें ओवर में दो विकेट झटककर भारत को जीत से राह से दूर कर दिया। नील ने 10 ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट झटके।
इस जीत से ऑस्ट्रेलिया को चार अंक मिले और उसके दो मैचों से आठ अंक हो गए हैं।