भारत के खिलाफ पर्थ टेस्ट में मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम में संभावित दरार की खबरों को कंगारू टीम के बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने खारिज कर दिया है। हेड का कहना है कि खिलाड़ी पिछले तीन-चार वर्षों से एक टीम के रूप में अच्छी तरह खेल रहे हैं। इन खबरों को बल उस वक्त मिला जब हेजलवुड कथित रूप से चोटिल होने के कारण एडिलेड में होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए।
ऐसा माना जा रहा है कि हेजलवुड को पर्थ टेस्ट में 295 रनों से मिली हार के बाद उनके बयान के कारण बाहर का रास्ता दिखाया गया है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच छह दिसंबर से एडिलेड में दूसरा टेस्ट मैच खेला जाना है। भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है।
हेड ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, जब हम जीत रहे होते हैं, तब भी हमें अपने अंदर देखना होता है। जब आप हारते हैं तो चीजें थोड़ी अलग हो जाती है। तीन-चार साल तक यह टीम साथ रही है और हम आगे जीत की पटरी पर लौटेंगे। खिलाड़ी अच्छी तरह तैयारी कर रहे हैं और हमें दोनों पक्षों से ज्यादा उम्मीदें हैं।
हेजलवुड ने क्या दिया था बयान
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत में कुछ विकेट गंवा दिए थे। इस पर हेजलवुड से सवाल पूछा गया था। उस वक्त उन्होंने कहा था, 'आपको यह सवाल किसी बल्लेबाज से करना चाहिए। मैं अब आराम करूंगा और अगले टेस्ट की तैयारियों में जुट जाऊंगा।' डेविड वॉर्नर, माइकल वॉन और रवि शास्त्री जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया टीम में पड़ी संभावित दरार पर चिंता जाहिर की थी।
हेड का हालांकि कहना है कि टीम में सभी खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी बखूबी समझते हैं और टीम की जरूरत के अनुसार प्रदर्शन करना चाहते हैं, चाहे गेंदबाज हो या बल्लेबाज। हेड ने कहा, यह कई मायनों में व्यक्तिगत खेल है इसलिए बल्लेबाज अपनी अहमियत समझते हैं। हमें पता है कि अतीत में हमारे गेंदबाजों ने क्या किया है और हमें मुश्किल से उबारा है। ऐसे ही बल्लेबाजी ग्रुप के तौर पर भी हमें पता है कि अगर हम स्कोर बोर्ड में ज्यादा रन खड़े करेंगे तो अच्छी स्थिति में पहुंच जाएंगे। एक बल्लेबाज के तौर पर मेरी कोशिश होती है कि रन बनाऊं और गेंदबाजों के लिए चीजें आसान करूं।
हेजलवुड की जगह कौन लेगा?
हेजलवुड ने पर्थ टेस्ट में कुल 34 ओवर गेंदबाजी की थी और पांच विकेट झटके थे। पिछले साल एशेज सीरीज में हेडिंग्ले टेस्ट के बाद पहली बार होगा जब हेजलवुड किसी टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे। अनकैप्ड तेज गेंदबाज सीन एबॉट और ब्रेंडन डोगेट को टीम में शामिल किया गया था, लेकिन माना जा रहा है कि स्कॉट बोलैंड प्लेइंग-11 में हेजलवुड की जगह लेंगे।