यह वही ऑस्ट्रेलियाई टीम है जिसे दुनिया की दूसरी टीमों के विपरीत मैच शुरू होने से पहले अपनी अंतिम एकादश घोषित कर देने की आदत है। चेन्नई के पहले टेस्ट में भी कप्तान माइकल क्लार्क ने यही किया था। लेकिन आज स्थितियां बिलकुल उलट हैं।
कप्तान क्लार्क को अब तक यह नहीं मालूम है कि उन्हें बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट मैच के लिए कौन सी अंतिम एकादश रखनी है। भला हो ब्रैड हैडिन का कि उनके मोहाली पहुंचने से क्लार्क के पास टीम चुनने के लिए 13 खिलाड़ियों का पूल मिल गया है। लेकिन क्लार्क साफ कर देते हैं कि वह मैथ्यु वेड पर कल सुबह फैसला लेकर टॉस से पहले टीम चुनेंगे।
क्लार्क चेहरे पर मुस्कराहट लाकर यह जताने की कोशिश करते रहे कि वह तीसरे टेस्ट के लिए चुनौती स्वीकार करने जा रहे हैं। लेकिन पैड बांधकर कुछ घंटों तक वेड और स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी देखने के बाद वह प्रैक्टिस एरिया से निकल गए। पिच के पास कोच मिकी आर्थर, फील्डिंग कोच स्टीव रिक्सन व टीम मैनेजमेंट के अन्य दो सदस्यों के साथ उनकी लंबी मंत्रणा चलती रही।
यह दृश्य बताने के लिए काफी है कि कप्तान टीम के चयन को लेकर बेहद तनाव में हैं। हालात ऐसे हैं कि कप्तान खुलासा करते हैं कि उन्हें अब तक यह भी नहीं मालूम है कि इन हालातों में उन्हें किस स्थान पर बल्लेबाजी करनी है। हां इतना तय जरूर है कि वह पांचवें नंबर से ऊपर बल्लेबाजी करने के लिए आएंगे।
वेड को वह इस टेस्ट के लिए पूरा मौका देना चाहते हैं जो सुबह ही संभव हो सकेगा। हालांकि आज वेड के साथ हैडिन ने भी बल्लेबाजी व विकेटकीपिंग में हाथ आजमाए। क्लार्क यहां तक कहते हैं कि एक कप्तान के रूप में हर कोई चाहेगा कि उसे पूरे खिलाड़ी मिलें। लेकिन यहां स्थितियां ऐसी नहीं हैं।
वह बीती बातों को पीछे छोड़ 13 खिलाड़ियों में से अंतिम 11 चुनकर भारत को चुनौती देंगे। वह यह भी कहते हैं कि अगर श्रृंखला का परिणाम 1-1 भी होता तो भी खिलाड़ियों को दंडित करने का फैसला यही रहता।
कप्तान को उम्मीद वाटसन लौटेंगे
माइकल क्लार्क को उम्मीद है कि शेन वाटसन दिल्ली में होने वाले चौथे टेस्ट मैच के लिए लौट आएंगे। उन्होंने खुलासा किया कि यहां से जाने के बाद वाटसन की उनसे बात हुई है। वह पहले बच्चे के पिता बनने वाले हैं। अगर उनकी पत्नी ली इस टेस्ट के दौरान मां बन जाती हैं तो शेन के चौथे टेस्ट में आने की पूरी संभावना है।
क्लार्क को पिच से कमाल की उम्मीद नहीं
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव एमपी पांडव यह कह चुके हैं कि मोहाली की पिच पहले दो टेस्ट मैचों से हटकर होगी। लेकिन कप्तान माइकल क्लार्क ने जब इस पिच को देखा तो उनके मुंह से यही निकला। यह पिच भी पहले दो टेस्टों से अलग नहीं है।
पहले दिन इस पर घास थी लेकिन अब इस पर बिलकुल भी घास नहीं है। उन्हें इस पर कोई एतराज नहीं है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा ही होता है। अमूमन मोहाली की पिच पर घास नजर आती है लेकिन पहली बार ऐसा है कि यह पिच पूरी तरह गंजी है। शाम को इस पर क्यूरेटर दलजीत सिंह ने पहले वैक्यूम क्लीनर से गंदगी निकलवाई और बाद में पानी डाला।
इनमें से चुननी है टीम
एड कोवन (ओपनर)
डेविड वार्नर (ओपनर)
फिल ह्यूजेस (बल्लेबाज)
माइकल क्लार्क (कप्तान) (बल्लेबाज)
मोसेस हेनरिक्स (बैटिंग आलराउंडर)
मैथ्यु वेड (बैटिंग विकेट कीपर)
स्टीव स्मिथ (बैटिंग आलराउंडर)
ब्रैड हैडिन (विकेट कीपर बल्लेबाज)
ग्लेन मैक्सवेल (बैटिंग आलराउंडर)
पीटर सिडल (गेंदबाज)
मिचेल स्टार्क (गेंदबाज)
जेवियर डोहर्टी (खब्बू स्पिनर)
नॉथन लॉयन (ऑफ स्पिनर)