आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर वन टीम बनने की डगर काफी चुनौतिपूर्ण बन गई है। फिलहाल वनडे आईसीसी रैंकिंग में महज 17 अंकों के अंतराल में भारत सहित दुनिया की छह टीमें हैं। वनडे की विश्व चैंपियन टीम 'भारत' दूसरे पायदार पर है और दूसरे नंबर पर मौजूद दक्षिण अफ्रीका से महज एक अंक पीछे है। दिलचस्प बात यह है कि 121 अंकों के साथ नंबर वन पर काबिज इंग्लैंड की टीम से दक्षिण अफ्रीका दशमल गणना के आधार पर पीछे है। उल्लेखनीय है कि वनडे की नंबर वन टीम को आईसीसी 1.75 लाख डॉलर का पुरस्कार देगी।
भारत के 120, चौथे नंबर पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया के 113, विश्व कप उप विजेता श्रीलंका के 108 और छठे नंबर पर मौजूद पाकिस्तान के 105 अंक हैं। हालांकि सातवें नंबर की टीम न्यूजीलैंड का फासला लंबा है और उसके पास मात्र 74 अंक हैं। एक अप्रैल की कट ऑफ तिथि पर नंबर वन बनी रहने वाली टीम को आईसीसी की ओर से पौने दो लाख डालर और रनर अप को 75 हजार डालर मिलते हैं।
इस लिहाज से होड़ और भी दिलचस्प हो जाएगी। भारत के लिहाज से आगामी जनवरी में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होगी। इसके बाद के ज्यादातर वनडे श्रृंखलाओं में भारत को दूसरे टीमों के प्रदर्शन पर नजर रखनी होगी।