तीसरे वनडे से पहले कोच राहुल द्रविड़ ने कहा था कि सूर्यकुमार अब भी वनडे के दांव-पेच सीख रहे हैं। इस सीरीज में भी श्रेयस अय्यर के चोटिल होने की वजह से प्लेइंग-11 में जगह मिली, लेकिन वह अपने साथ न्याय नहीं कर पाए। सूर्यकुमार को तीसरे वनडे में एगर ने भारतीय पारी के 36वें ओवर में क्लीन बोल्ड किया। उनके आउट होते ही भारत का स्कोर छह विकेट पर 185 रन हो गया था।
कप्तान रोहित शर्मा भी कह चुके हैं कि सूर्यकुमार इस साल होने वाले वर्ल्ड कप को देखते हुए भारत के अहम खिलाड़ी हैं। हालांकि, लगातार तीन वनडे में शून्य पर आउट होकर सूर्यकुमार एक शर्मनाक लिस्ट में जरूरत शामिल हो गए हैं। वह लगातार तीन वनडे में शून्य पर आउट होने वाले भारत के छठे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (1994), अनिल कुंबले (1996), जहीर खान (2003-04), ईशांत शर्मा (2010-11) और जसप्रीत बुमराह (2017-19) यह कारनामा कर चुके हैं।