दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप टीम में दो बदलाव किए हैं और टोनी डि जॉर्जी तथा डोनोवान फरेरा चोट के कारण अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं। इन दोनों खिलाड़ियों की जगह क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने रेयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स को टीम में शामिल किया है। डि जॉर्जी को भारत दौरे के दौरान चोट लगी थी, जबकि फरेरा एसए20 टूर्नामेंट के दौरान चोटिल हो गए थे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज से भी हुए बाहर
डि जॉर्जी और फरेरा वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। पिछले बार की उपविजेता टीम डेविड मिलर के खेलने को लेकर भी चिंतित है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने कहा, पिछले महीने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान आई चोट से उबरने में डी जॉर्जी की रिकवरी उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई है और वे आगामी टी20 सीरीज के लिए समय पर फिट नहीं हो पाएंगे। सीरीज में अनुपलब्धता और निरंतर रिहैबिलिटेशन की आवश्यकता के कारण वह टी20 विश्व कप से बाहर रहेंगे। वहीं, फेरेरा को 17 जनवरी को जोहानिसबर्ग सुपर किंग्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स के बीच हुए एसए20 मैच के दौरान फ्रैक्चर हो गया था। रेयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स को 15 सदस्यीय टीम में इनके स्थान पर शामिल किया गया है।
मिलर की चोट ने बढ़ाई चिंता
मिलर भी एसए20 के नॉकआउट चरण से बाहर हो गए हैं। सीएसए ने कहा, 'मिलर को पार्ल रॉयल्स के लिए खेलते हुए चोट लगी थी और वह टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे।' मिलर की जगह रुबीन हरमैन को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए चुना गया है। दक्षिण अफ्रीका की टीम ग्रुप बी में शामिल है और वह टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत नौ फरवरी को कनाडा के खिलाफ करेगी।
टी20 विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम:
एडेन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डिकॉक, मार्को यानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिच नॉर्त्जे, कगिसो रबाडा, रेयान रिक्लेटन, जेसन स्मिथ और ट्रिस्टन स्मिथ।