फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर न्यूयॉर्क में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, आतंकी संगठन ने दी थी हमले की धमकी

Thu, 30 May 2024 02:50 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क

सार

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी ने कहा कि उन्होंने राज्य पुलिस को दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन
नासाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम - फोटो : ICC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए न्यूयॉर्क की नासाऊ काउंटी में नौ जून को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी20 विश्व कप मुकाबले के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था होगी। हालांकि, राज्य की गवर्नर कैथी होचुल ने जोर देकर कहा कि यह इस बार खतरा विश्वसनीय नहीं है। नासाउ काउंटी के आइजनहावर पार्क स्टेडियम में टूर्नामेंट के आठ मैच खेले जाएंगे जिसमें भारत के तीन मैच भी शामिल हैं। भारतीय टीम एक जून को यहां बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेलेगी।
विज्ञापन

न्यूयॉर्क की गवर्नर ने क्या कहा?

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी ने कहा कि उन्होंने राज्य पुलिस को दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने का निर्देश दिया है। कैथी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, 'विश्व कप की तैयारी में मेरी टीम संघीय और स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है जिससे कि उपस्थित लोगों को सुरक्षित रखा जा सके। हालांकि इस समय कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है, मैंने न्यूयॉर्क पुलिस को सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने का निर्देश दिया है और हम निगरानी जारी रखेंगे।'

आईएसआईएस-के द्वारा वैश्विक धमकी

सीएनएन की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि न्यूयॉर्क के अधिकारी विश्व कप के खिलाफ इस साल की शुरुआत में आतंकवादी समूह आईएसआईएस-के द्वारा वैश्विक धमकी के बाद सुरक्षा को लेकर सावधानी बरत रहे हैं। नासाउ काउंटी के पुलिस आयुक्त पैट्रिक राइडर ने बुधवार को कहा कि इस टूर्नामेंट को अप्रैल में आईएसआईएस-के से जुड़ी धमकी मिली थी।

भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर धमकियां

रिपोर्ट में कहा गया है, 'इसके बाद नौ जून को होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर और अधिक विशिष्ट धमकियां दी गईं और ऑनलाइन प्रसारित होने वाले एक वायरल वीडियो का संदर्भ दिया गया जिसमें ‘अकेले भेड़िये को कार्रवाई करने’ के लिए कहा गया है।' राइडर ने रिपोर्ट में कहा, 'मैं आपको इसकी गारंटी दे सकता हूं। यह इस काउंटी के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी सुरक्षा व्यवस्था है, और मैं आपको यह भी गारंटी दे सकता हूं कि नौ जून को नासाउ काउंटी में सबसे सुरक्षित जगह स्टेडियम के अंदर होगी।'

भारत न्यूयॉर्क में तीन मैच खेलेगा

रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम पांच जून को आयरलैंड के खिलाफ अपने टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी। उसके बाद नौ जून को पाकिस्तान के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबला होगा। भारत को 12 जून को मेजबान अमेरिका का सामना करना है। इस प्रतियोगिता पर आतंकी खतरे का खुलासा सबसे पहले त्रिनिदाद के प्रधानमंत्री कीथ रोली ने किया था और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि प्रतियोगिता के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए मजबूत सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
विज्ञापन

आईसीसी ने क्या कहा था?

आईसीसी ने कहा था, 'टूर्नामेंट में सभी की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है और हमारे पास एक व्यापक और मजबूत सुरक्षा योजना है। हम अपने मेजबान देशों के अधिकारियों के साथ मिलकर काम करते हैं और वैश्विक परिदृश्य की निरंतर निगरानी और मूल्यांकन करते हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हमारी प्रतियोगिता के लिए पहचाने गए किसी भी जोखिम को कम करने के लिए उचित योजनाएं बनाई गई हैं।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें