दक्षिण अफ्रीका में क्रिकेट बोर्ड और सरकार के बीच विवाद लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दोनों के बीच चल रहे मतभेद की वजह से अब दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के भविष्य पर भी खतरा मंडराने लगा है। ताजा मामले में खेलमंत्री नाथी एमथेथवा ने धमकी दी है कि अगर सीएसए परिषद के सदस्य तुरंत अंतरिम बोर्ड स्थापित नहीं करते हैं तो वह क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट की मान्यता रद्द कर देंगे ।
इससे पहले क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका सदस्यों की परिषद ने बृहस्पतिवार को फैसला किया था कि वह खेलमंत्री द्वारा गठित अंतरिम निदेशक बोर्ड को मंजूरी नहीं देंगे।
खेलमंत्री ने सीएसए के कार्यवाह अध्यक्ष रिहान रिचर्डस को लिखा, ‘मुझे खेद है कि आपने अंतरिम बोर्ड को मान्यता नहीं देने का फैसला लिया है। मैं इस पर तुरंत पुनर्विचार के लिए कह रहा हूं ताकि अंतरिम बोर्ड को जरूरी मान्यता मिल सके। ऐसा नहीं करने पर मैं अपने अधिकारों का उपयोग करके इस संबंध में निर्देश दूंगा।’