ऑस्ट्रेलियाई टीम ओपनर डेविड वॉर्नर की फिटनेस को लेकर बनी चिंता के बावजूद इंग्लैंड के खिलाफ बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में गुलाबी गेंद के अपने शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखने की कोशिश करेगी। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक आठ दिन-रात्रि टेस्ट मैच खेले हैं और सभी जीते हैं।
वहीं इंग्लैंड ने गुलाबी गेंद से जो चार मैच खेले हैं उनमें से एक में जीता है। यह जीत उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2017 में घरेलू मैदान पर हासिल की थी। ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिसबेन में पहले टेस्ट में इंग्लैंड को नौ विकेट से हराया था। वह इस मैच में बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ उतरेगा।
ऑस्ट्रेलिया के लिए हालांकि वॉर्नर की फिटनेस चिंता का विषय है जिन्होंने पहले मैच में कुछ जीवनदान मिलने के बाद 94 रन बनाए थे। इस दौरान दो बार उनकी पसलियों पर चोट लगी थी। वह इंग्लैंड की दूसरी पारी में क्षेत्ररक्षण के लिए नहीं उतरे थे।
एडीलेड में अभ्यास के दौरान वॉर्नर असहज महसूस कर रहे थे। उन्हें हालांकि अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। मैच से पहले वार्नर को फिट घोषित कर दिया गया है और वह ओपनिंग करते दिखेंगे। कप्तान पैट कमिंस पिछले मैच के अपने प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे।