ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच होने वाले चौथे एशेज टेस्ट से पहले कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। रविवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मैक्ग्रा इस सीरीज के कमेंट्री पैनल का हिस्सा भी हैं। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट पांच जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। इस टेस्ट को पिंक टेस्ट भी कहा जाता है।
क्या है पिंंक टेस्ट?
दरअसल, इस टेस्ट का नाता मैक्ग्रा और उनकी पत्नी जेन से जुड़ा है। टेस्ट मैच के तीसरे दिन को 'जेन मैक्ग्रा डे' के नाम से जाना जाता है। जेन का 2008 में ब्रेस्ट कैंसर की वजह से निधन हो गया था। इसके बाद ब्रेस्ट कैंसर के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए सिडनी में पिंक टेस्ट कराया जाने लगा। सिडनी ग्लेन मैक्ग्रा का होम ग्राउंड है। इस टेस्ट से जमा हुई राशी को ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित लोगों को दान की जाती है।
2005 में हुई थी मैक्ग्रा फाउंडेशन की स्थापना
इस मैच से होने वाला फायदा मैक्ग्रा फाउंडेशन को दान कर दिया जाता है। 2005 में मैक्ग्रा और उनकी पत्नी जेन ने फाउंडेशन की स्थापना की थी, लेकिन इसके तीन साल बाद ही जेन का निधन हो गया। इस जागरूकता अभियान के समर्थन में फैंस गुलाबी रंग के कपड़े पहनते हैं। इसके साथ ही खिलाड़ी पिंक रंग के कैप में नजर आते हैं। मैक्ग्रा खुद उन्हें यह कैप देते हैं।
वर्चुअली मौजूद रहेंगे ग्लेन मैक्ग्रा
यह देखने वाली बात होगी कि क्या मैक्ग्रा तीसरे दिन तक ठीक हो पाते हैं या नहीं। हालांकि, खिलाड़ियों को पहले दिन कैप देने के वक्त मैक्ग्रा वर्चुअली मैदान पर मौजूद रहेंगे। ग्लेन मैक्ग्रा के बारे में मैक्ग्रा फाउंडेशन की चीफ एग्जीक्यूटिव ने जानकारी दी। उन्होंने मैक्ग्रा और उनके परिवार के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। ऑस्ट्रेलिया को फिलहाल एशेज सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त हासिल है।
ऑस्ट्रेलिया में कोरोना के मामले बढ़े
ऑस्ट्रेलिया में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। वहां की घरेलू टी-20 लीग बिग बैश लीग (बीबीएल) में 11 खिलाड़ी समेत 19 लोग संक्रमित पाए गए थे। सिडनी थंडर्स के चार खिलाड़ियों कोरोना संक्रमित मिले। वहीं, मेलबर्न स्टार्स के सात खिलाड़ी और आठ सपोर्ट स्टाफ संक्रमित पाए गए। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज ट्रेविस हेड की कोविड रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। उनके कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उस्मान ख्वाजा को टीम शामिल किया गया है।