गेंदबाजों की रैंकिंग में पाकिस्तान के लेग स्पिनर यासिर शाह और शादाब खान अपनी स्थिति सुधारने में सफल रहे। मैच में आठ विकेट लेने वाले यासिर शाह दो स्थान ऊपर चढ़कर 22वें जबकि शादाब करियर के सर्वश्रेष्ठ 69वें स्थान पर पहुंच गए।
इंग्लैंड के गेंदबाजों में स्टुअर्ट ब्रॉड तीसरे स्थान पर कायम है। मैच में छह विकेट लेने से हालांकि उनके और दूसरे स्थान पर काबिज न्यूजीलैंड के नील वैगनर के बीच सिर्फ सात अंक का फासला रह गया है। जोफ्रा आर्चर भी दो स्थान के सुधार के साथ 37वें पायदान पर पहुंच गए।
इस रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस शीर्ष पर बने हुए है जबकि भारत के जसप्रीत बुमराह आठवें स्थान पर है। हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पांच स्थानों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। स्टोक्स शीर्ष पर है। भारत के रविन्द्र जडेजा तीसरे और आर अश्विन पांचवें स्थान पर हैं। आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की तालिका में इंग्लैंड ने तीसरे स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।
इंग्लैंड के नाम 266 अंक हो गए हैं जो दूसरे स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलिया से 30 अंक कम हैं। भारत 360 अंक के साथ शीर्ष पर है जबकि न्यूजीलैंड (180 अंक) चौथे और पाकिस्तान (140 अंक) पांचवें स्थान पर है।