भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी है। आईपीएल का पहला राउंड खत्म भी नहीं हुआ है कि अगले साल यूके (यूनाइटेड किंगडम) में होने वाले वर्ल्ड कप को लेकर अहम जानकारी सामने आ गई। बता दें कि वर्ल्ड कप का पहला मुकाबला इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा।
30 मई से 14 जुलाई के बीच यूके में होने वाले वर्ल्ड कप में भारत अपने अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला 5 जून को खेला जाएगा। 16 जून को चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से टीम इंडिया का सामना होगा।
बीसीसीआई के एक अधिकारी के मुताबिक वर्ल्ड कप 2015 ऑस्ट्रेलिया और चैंपियंस ट्रॉफी 2017 इंग्लैंड के बाद यह पहला मौका होगा जब आईसीसी का कोई इवेंट भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से शुरू नहीं होगा। इस वर्ल्ड कप की खासियत होगी कि सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। इसके पहले 1992 में हुए वर्ल्ड कप में भी इस नियम को लागू किया गया था।
दरअसल, मंगलवार को कोलकाता में हुई आईसीसी मुख्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद तमाम दूसरी बातों पर भी सहमति बनी। बीसीसीआई को लोढ़ा समिति की सिफारिशों के अनुरूप आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैच के बीच 15 दिन का अनिवार्य अंतर रखना होगा। अगले साल आईपीएल 29 मार्च से 19 मई के बीच खेला जाएगा, क्योंकि वर्ल्ड कप 30 मई से शुरू होगा ताकि आईपीएल के खत्म होने के बाद सभी खिलाड़ी अपनी-अपनी राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़ सके।