स्मृति मंधाना का मानना है कि वेस्टइंडीज और आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में 3-0 से मिली जीत इस साल होने वाले 50 ओवरों के विश्व कप की तैयारी के लिए शानदार है। मंधाना ने कहा है कि उनकी टीम को इस साल को वनडे क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ साल बनाना होगा। मंधाना ने आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के दौरान भारतीय टीम की कमान संभाली थी। इस सीरीज में टीम इंडिया ने कई रिकॉर्ड्स बनाए, इसमें पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ कुल स्कोर भी शामिल है।
भारतीय टीम को इस चीज का फायदा मिल सकता है
स्मृति मंधाना
- फोटो : BCCI
महिला वनडे विश्व कप इस साल भारत में होना है और मंधाना का मानना है कि लगातार छह वनडे जीतने के बाद अब उनकी टीम को घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिल सकता है। उन्होंने बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में कहा, 'विश्व कप वाले साल में 3-0 से मिली जीत खास है। हमें इस लय को कायम रखते हुए इस साल को वनडे में अपना सर्वश्रेष्ठ साल बनाना होगा।'
भारतीय टीम ने बनाया सर्वश्रेष्ठ कुल स्कोर
स्मृति मंधाना-प्रतिका रावल
- फोटो : @BCCIWomen
मंधाना (135) और प्रतिका रावल (154) के बीच पहले विकेट के लिए 233 रन की साझेदारी की मदद से भारत ने तीसरे वनडे में अपना सर्वोच्च स्कोर पांच विकेट पर 435 रन बनाकर 304 रन से जीत दर्ज की। मंधाना ने कहा, 'मैं खुलकर बल्लेबाजी करना चाहती थी। मैंने डगआउट में भी कहा था कि मैं अपने शॉट्स खेलूंगी क्योंकि हर बार ऐसा खेलने का मौका नहीं मिल पाता।'
नई सनसनी प्रतिका रावल ने दिया यह बयान
प्रतिका रावल
- फोटो : BCCI
वहीं, रावल ने स्वीकार किया कि शतक के करीब पहुंचने पर वह थोड़ी धीमी पड़ गई थी लेकिन शतक पूरा होते ही तेजी से बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा, 'मैं हमेशा रनों का अंबार लगाना चाहती हूं और देश के लिए खेलते समय ऐसा कर पाना गर्व की बात है। 70 रन बनाने के बाद मैं थोड़ा संभलकर खेल रही थी, लेकिन शतक पूरा होते ही मैने खुलकर खेलना शुरू किया।'