अंडर-19 वर्ल्डकप में अपने प्रदर्शन से फैंस का दिल जीतने वाली टीम इंडिया ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब टीम की युवा ब्रिगेड की नजर टी-ट्वेंटी वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले पर है। अगर टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हरा देती है तो भारत अंडर-19 में चौथी बार विश्वकप विजेत बन जाएगा। इससे पहले टीम इंडिया ने मोहम्मद कैफ, विराट कोहली और उनमुक्त चंद की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था।
विदेशी जमीं पर खेले जा रहे इस मेगा टूर्नामेंट में पूरी दुनिया ने टीम इंडिया की ताकत देखी है। हालांकि फाइनल में टीम इंडिया का सामना उसके कड़े प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया से होगा, जो किसी भी मायने में कम नहीं है। अब अंतिम व निर्णायक मुकाबले में सभी की नजर टीम इंडिया के पांच होनहार खिलाड़ियों पर रहेगी, जो किसी भी वक्त मैच का रुख बदलने का दम रखते हैं।
पृथ्वी शॉ
अंडर-19 टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ इस लिस्ट में पहले स्थान पर आते हैं। मौजूदा वर्ल्ड कप में पूरी दुनिया ने उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी और असाधारण कप्तानी का नमूना देखा है। कप्तान पृथ्वी ने इस वर्ल्ड कप में अब तक खेले कुल 5 मैचों में 77.33 की औसत ने 232 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 94 रहा, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप मैच में बनाया था।
under-19 world cup
कमलेश नागरकोटी
इस वर्ल्ड कप में अपनी गति से बल्लेबाजों पर लगाम कसने वाले तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी ने सभी को प्रभावित किया है। करीब 146 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले इस युवा गेंदबाज ने 7 मैचों मे 5 अहम खिलाड़ियों को शिकार बनाया है। फाइनल में कंगारू टीम के खिलाफ इस खिलाड़ी से काफी उम्मीदें होंगी।
शिवम मावी
कमलेश नागरकोटी की तरह टीम इंडिया के एक और तेज गेंदबाज शिवम मावी भी फैंस का दिल जीतने में कामयाब रहे हैं। 145 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले शिवम मावी ने 5 मैचों में कुल 8 विकेट लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 45 रन देकर 3 खिलाड़ियों को आउट किया था। इसलिए फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलियन टीम इस गेंदबाज से काफी सतर्क रहेगी।
under-19 world cup
शुभमन गिल
अंडर-19 वर्ल्ड कप में शुभमन गिल ने अपनी कलात्मक बल्लेबाजी के दम पर सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं। पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में सेंचुरी जड़ने वाले गिल की तुलना टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली से की जाती है। वर्ल्ड कप के पांच मैचों में गिल ने 170.50 की औसत से 341 रन बनाए हैं। इस सीरीज में उनका स्ट्राइक रेट 113.28 रहा है।
अनुकुल रॉय
टीम इंडिया की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज अनुकुल रॉय फाइनल में ऑस्ट्रेलियन टीम के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। मौजूदा अंडर-19 वर्ल्ड कप में अब तक उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। अब तक खेले कुल 5 मैचों में अनुकुल ने 3.65 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट हासिल किए हैं। पपुआ न्यू गिनी के खिलाफ उन्होने 14 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट लिए थे।